1500 रु. रसीदधारी श्रद्धालु वाशरूम को तरसे, 5 घंटे करना पड़ा इंतजार

शाम 4.30 बजे तक गर्भगृह में चलता रहा प्रवेश, निर्गम गेट पर केवल एक वाशरूम

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग के गर्भगृह से दर्शन करने के लिये दूसरे दिन शनिवार को भी श्रद्धालुओं का सैलाब देखा गया। श्रद्धालु घंटो इंतजार के बाद भी भगवान महाकाल के दर्शन को उतावले रहे। भीड़ के सैलाब से विश्रामधाम के सभी बेरिकेड्स खचाखच भरे हुए थे। इसको देखते हुए महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने गर्भगृह से श्रद्धालुओं का जलाभिषेक शाम 4.30 बजे तक जारी रखा। दिन में करीब 5 घंटे में श्रद्धालुओं को जलाभिषेक नसीब हुआ। इतने लंबे इंतजार में श्रद्धालु वाशरूम को तरस गये।

शनिवार को भी विश्रामधाम में 1500 जलाभिषेक रसीद लेकर श्रद्धालु सैलाब के रूप में खड़े हुए थे। विश्रामधाम का जिगजैग पूरा भरा हुआ था। एक श्रद्धालु ने बातचीत में बताया कि टिकट विंडो में करीब 2 घंटा टिकट लेने में लगा। यहां पर आकर खड़े हुए हैं। वहीं दर्शन कर निकलने वाले श्रद्धालुओं ने बताया कि 5 घंटे में यहां तक पहुंचे हैं। लेकिन इतना लंबा इंतजार करने के बाद वह वाशरूम को तरस गये। रास्ते में एक भी वाशरूम का इंतजाम नहीं है। विशेषकर महिला और बच्चों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंडे पुजारियों के यजमानों के साथ भी यही स्थिति रही।

भीड़ अधिक तो शाम 4.30 बजे तक प्रवेश

महाकालेश्वर मंदिर में शनिवार को जलाभिषेक रसीदधारियों का प्रवेश गर्भगृह में शाम 4.30 बजे तक चलता रहा। शाम 5 बजे से संध्याकालीन पूजन की तैयारी शुरू हो जाती है। लिहाजा इतने समय तक प्रवेश की व्यवस्था रही। वहीं शाम 6 से 9 बजे तक भी श्रद्धालुओं को गर्भगृह से दर्शन करवाये जाते रहे।

नंदीहाल से लगी रही लाइन

1500 रु. प्रोटोकाल जलाभिषेक रसीद से नंदीहाल से प्रवेश कर गर्भगृह में जाते रहे। यहां से जाने वाले श्रद्धालुओं के कारण गर्भगृह में प्रवेश की व्यवस्था भी लडख़ड़ाती रही। हालांकि यहां पर मौजूद व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों ने इसको भी मैनेज किया। लेकिन यह व्यवस्था परेशानी का सबब बन रही है। दूसरे लाइन में लगे श्रद्धालु भी इस पर आपत्ति व्यक्त करते रहे।

एकमात्र वाशरूम निर्गम गेट पर

महाकालेश्वर मंदिर में वाशरूम की व्यवस्था महाकाल विस्तारीकरण योजना के चलते पूरी तरह ध्वस्त है। केवल एक वाशरूम निर्गम गेट पर बना हुआ है। यहां पर पूरे मंदिर के श्रद्धालुओं के वाशरूम की व्यवस्था है। इसके अलावा कहीं पर भी वाशरूम की व्यवस्था नहीं है। विश्रामधाम के पास स्थित पांच नंबर गेट पर एक वाशरूम बना हुआ था। उसको भी विस्तारीकरण के चलते ध्वस्त कर दिया गया था। यहां पर अब एक वॉटर कूलर लगा दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

स्कूल वाहन ने खड़ी बस को मारी टक्कर, कई बच्चे घायल

Sat Nov 19 , 2022
सारंगी (राजकुमार पालीवाल), अग्निपथ। क्या आज के हादसे से शासन प्रशासन जागेगा और क्या सभी निजी स्कूल बसों की पारदर्शिता पूर्ण जांच करेगा। हां हम बात कर रहे है शनिवार को हुए कल्पतरु निजी स्कूल बस की घटना की जहा स्कूल बस ने जैन बस को पीछे से जोरदार टक्कर […]

Breaking News