कॉलेज विद्यार्थी ने रची अपने ही अपहरण की कहानी

पकड़ाया तो बोला- मुंबई घूमने गया था, अपनी ही खरीदी सिम से ऐसे पकड़ाया

इंदौर, अग्निपथ। इंदौर में निजी कॉलेज के स्टूडेंट के अपहरण के मामले में पुलिस चक्कर घिन्नी हो गई। करीब पांच दिन बाद वह मुंबई की एक होटल में मिला। इस दौरान 11 पुलिसकर्मियों की टीम ने ना ठीक से खाया, ना सो पाए। उसने अपने एक दोस्त को अपने अपहरण हो जाने का मैसेज किया था। वहीं पिता से यह जानकारी लगी थी कि उसका दो बार अपहरण हो चुका है।

राऊ थाने में पांच दिन पहले 15 दिसंबर को होस्टल वार्डन रोहित द्विवेदी पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह एक कॉलेज के होस्टल में वार्डन है। यहां रहकर पढ़ाई करने वाला स्टूडेंट विपिन (20) पुत्र प्रतापसिंह तोमर राऊ मार्केट में कॉपी लेने का कहकर निकला था। जो वापस ही नहीं आया। मामले में विपिन के पिता को जानकारी देकर इंदौर पूछताछ के लिये बुलाया गया।

राऊ पुलिस ने शुरुआत में गुमशुदगी का मामला दर्ज कर सामान्य स्तर पर जांच शुरू की थी। इसी बीच विपिन के पिता प्रतापसिंह तोमर की पुलिस से बातचीत हुई। उन्होंने बताया कि दो बार पहले भी इसका अपरहण हो चुका है। यह बात सुनकर अफसर चौंक गए। उन्होंने तुरंत इस मामले में एसआई कुंवर सिंह बामनिया, हेड कांस्टेबल नीलेश सुचालकर सहित 11 लोगों की टीम बनाई। सभी विपिन की जानकारी निकालने में जुटे।

इसी बीच होस्टल के ही एक दोस्त ने बताया कि विपिन के मोबाइल से उसके नंबर पर वॉट्सएप पर एक मैसेज आया है। उसने कहा कि उसका अपहरण हो गया है ओर उसे हाथ पैर बांधकर रेलवे ट्रैक पर पटकने जा रहे हैं।

इस मामले में विपिन का फोटो लेकर पुलिस राऊ, किशनगंज और महू तक पहुंची। तभी पुलिस को एक क्लू मिला। दोस्तो से पूछताछ में पता चला कि ऋषभ सिसौदिया से उसने 40 रुपए का ऑनलाईन पेमेंट अपनी सिम बंद होने के पहले डलवाया था। पुलिस इस मामले में दुकानदार के पास पहुंची। जहां पता चला कि उसने अपना आधार कार्ड प्रिंट कराया था। जिसमें पुलिस को यह संभावना बनी कि उसने कोई दूसरी सिम एक्टिव की है।

यहां से पुलिस ने सिम डिस्ट्रीब्यूटर और दुकानदारों से पूछताछ शुरू की। यह पता चला कि नागर स्टेशनरी राऊ बाजार से विपिन ने नई सिम ली है। इसके बाद पुलिस ने टेक्निकल जांच शुरू की। जिसमें पता चला कि इसमें कोई एक्टिविटी नहीं हुई है।लेकिन बाद में पता चला कि इस सिम से मेक माई ट्रिप से मुंबई का टिकिट ओर अम्बुजा होटल में रूम बुक कराया गया है। इसके बाद पुलिस की टीमें मुंबई पहुंची। जहां नवी मुंबई में सिम भी चालू हो गई। करीब चार किलोमीटर में पुलिस ने सर्विलांस लगाया। इसके बाद सिम फिर बंद हो गई। बाद में पुलिस अम्बुजा होटल पहुंची। यहां मैनेजर ने उसके कमरे में होने की पुष्टि कर दी। फिलहाल पुलिस स्टूडेंट को लेकर इंदौर आ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मिर्ची डालकर अनाज व्यापारी से लूट

Wed Dec 21 , 2022
थांदला, अग्निपथ। बुधवार सुबह 9.30 बजे थांदला के समीप काकनवानी मार्ग पर 2 बदमाशों ने एक अनाज व्यापारी के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। अनाज व्यापारी सुबह 2 लाख 18 हजार रुपए लेकर दुकान पर पहुंचा था। इस दौरान बदमाशों ने आंखों में मिर्ची डालकर व्यापारी से उक्त […]

Breaking News