इंदौर में कड़ाके की ठंड स्कूलों में 9 तक छुट्टी

मध्यप्रदेश में नौगांव सबसे ठंडा, 45 जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम

इंदौर, अग्निपथ। पूरा मध्यप्रदेश कड़ाके की ठंड से ठिठुर गया है। 2.8 डिग्री न्यूनतम तापमान के साथ नौगांव (छतरपुर) सबसे ठंडा रहा। दतिया, खजुराहो, ग्वालियर में रात का पारा 4 डिग्री और इससे नीचे रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश के 7 शहरों को छोड़ बाकी सभी में 10 डिग्री से नीचे तापमान रहा है। घने कोहरे के कारण शिवपुरी में बारूद से भरी पिकअप गाड़ी खड़े ट्रक से टकरा गई। पिकअप ड्राइवर और क्लीनर जिंदा जल गए।

कड़ाके की ठंड को देखते हुए इंदौर में 6 से 9 जनवरी तक नर्सरी से आठवीं तक स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। बुरहानपुर कलेक्टर भव्या मित्तल ने भी ठंड को देखते हुए सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूल का समय सुबह 9 बजे से करने के आदेश दिए हैं। सीहोर में तेज ठंड के कारण 6 और 7 जनवरी को स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी है। विदिशा में भी नर्सरी से कक्षा आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 6 और 7 जनवरी को अवकाश घोषित किया गया है।

प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में गीली और बर्फीली ठंड पड़ रही है। मौसम विशेषज्ञ एके शुक्ला के मुताबिक उत्तरी इलाकों से हवा के साथ कोहरा आ रहा है। इस कोहरे में पानी की बूंदें भी हैं। तेज हवा के कारण ये पेड़, पौधों, वाहनों या घास पर गिर रही हैं। खेतों में गेहूं ओर चने की फसल लगी है। इनकी सिंचाई के कारण ठंडक और बढ़ रही है। इसी वजह से दिन में भी ज्यादा ठंडक बनी हुई है।

मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 2 दिन छिंदवाड़ा, बालाघाट, सिवनी, मंडला और बैतूल में मावठा गिर सकता है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और उज्जैन में बादल रह सकते हैं। हल्की बूंदाबांदी के भी आसार हैं।

7 जनवरी से नया सिस्टम एक्टिव होगा

मौसम विभाग के अनुसार 7 जनवरी से नया सिस्टम एक्टिव होगा। पश्चिमी हवाएं ईरान, इराक से अफगानिस्तान से पाकिस्तान के रास्ते भारत के उत्तरी इलाकों में प्रवेश करेंगी। यहां से नमी भरी ठंडी हवाएं मैदानी इलाकों में आएंगी। इसके कारण 7 और 8 जनवरी को बादल छाने से दिन और रात के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है। हालांकि, ज्यादा बढ़ोतरी नहीं होगी। इनके जाते ही तेजी से तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।

भोपाल में धूप बेअसर

भोपाल में नए साल के पहले हफ्ते में चार दिन कोहरा और दो दिन कोल्ड डे का नया रिकॉर्ड बना है। मौसम केंद्र ने अगले 72 घंटे ऐसा ही मौसम बने रहने का अनुमान बताया है। राजधानी में सुबह 10 बजे तक धूप निकल भी रही है तो चमक के साथ नहीं।

यहां सबसे ज्यादा असर होगा

8 जनवरी से फिर प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार ठंड पड़ सकती है। सबसे ज्यादा ग्वालियर-चंबल, बघेलखंड, बुंदेलखंड और महाकौशल में शीतलहर का प्रकोप रह सकता है। भोपाल समेत उसके आसपास रात का पारा 8 डिग्री सेल्सियस या उससे भी नीचे जा सकते हैं। इंदौर में 8 से 10 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकते हैं।

4 शहरों में सीवियर कोल्ड डे

बुधवार को प्रदेश के 4 शहरों में सीवियर कोल्ड डे, तो भोपाल समेत 12 शहरों में कोल्ड डे रहा। आज लगातार 5वें दिन भी ठंड का सितम जारी है। कई शहरों में कोहरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

इसका हल खोजने में, निकल जाता है दम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ही है स्थाई हल!

Thu Jan 5 , 2023
एसडीएम ने की खूब माथापच्ची रिजल्ट कर्मचारी लाव, अस्पताल बचाओ उन्हेल, (संजय कुंडल) अग्निपथ। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का जब मामला आता है तो इसका हल खोजने में निकल जाता है। दम पर आखरी में एक ही बात सामने आकर खड़ी हो जाती है जब तक यहां पर स्टाफ नहीं बढ़ेगा […]

Breaking News