वसंत उत्सव की आज यज्ञ के साथ होगी शुरुआत, मां वाग्देवी की शोभायात्रा आज

धार, अग्निपथ। मां सरस्वती मंदिर भोजशाला व मां वाग्देवी की मुक्ति एवं उसके गौरव की पुर्नस्थापना हेतु दृढ़ संकल्पित महाराजा भोज स्मृति बसंतोत्सव समिति द्वारा तीन दिवसीय भोज महोत्सव के आयोजन की शुरुआत गुरुवार से हो रही है। पहले दिन वसंत पंचमी के दिन सुबह ही शुरुआत मां सरस्वती के यज्ञ भोजशाला प्रांगण से होगी। जिसमें आहुति देने व पूजा-अर्चना में शामिल होने के लिए जिलेभर के हिंदू समाज के लोग धार आएंगे।

मुख्य आयोजन की शुरुआत सुबह 7 बजे होगी। शाम पांच बजे आरती के साथ पहले दिन के आयोजन का समापन होगा। इस मर्तबा दोपहर में होने वाली धर्मसभा को संबोधित अभा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के वरिष्ठ प्रचारक इंद्रेश कुमार एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी करेंगे। दोनों अतिथि पहले शोभायात्रा में शामिल होंगे। जिसके बाद होने वाली धर्मसभा को संबोधित कर भोजशाला में होने वाली महाआरती में भी उपस्थित रहेंगे। भोज महोत्सव के आयोजन की तैयारी में समिति के सभी पदाधिकारी पिछले एक माह से जुटे हुए हैं। इधर कानून व्यवस्था के चलते प्रशासन की तैयारियां पूर्ण हो चुकी है।

भव्य दरबार सहित भजन संध्या का आयोजन

समिति के अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि आज सुबह 7 बजे मां सरस्वती यज्ञ की शुरुआत होगी। इसके बाद 11 बजे उदाजीराव चौराहा लालबाग से मां वाग्देवी की शोभायात्रा निकलना प्रारंभ होगी। वहीं धर्मसभा के बाद दोपहर करीब 1-30 बजे महाआरती का आयोजन किया गया। साथ ही सुबह से लेकर शाम तक वेदारम्भ संस्कार सरस्वती कंठाभरण मंदिर धार में होगा। पहले दिन यज्ञ हवन पूर्णाहुति एवं आरती के साथ शाम 5-50 बजे प्रांगण में होगा। दूसरे दिन 27 जनवरी को दोपहर 3 बजे मातृशक्ति सम्मेलन का आयोजन रखा गया हैं, जिसमें पूजन, आरती एवं हवन-मातृशक्ति के द्वारा भोजशाला में होगा। इसमें मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रुप में संत सिया भारतीजी शामिल होगी। इसी दिन रात्रि में 8 बजे श्री बाबा खाटू श्यामजी का भव्य दरबार एवं भजन संध्या का आयोजन भी होगा।

सत्याग्रह के बाद होगा पूजन

महामंत्री हेमंत दौराया के अनुसार तीसरे दिन 28 जनवरी को दोपहर 1 बजे वाद-संवाद प्रतियोगिता का आयोजन व रात में 9 बजे अभा विराट कवि सम्मेलन का आयोजन रखा गया है। इसके साथ ही तीन दिवसीय आयोजन का समापन भी होगा। हालांकि 31 जनवरी मंगलवार को सुबह 8-55 बजे नियमित सत्याग्रह होने के बाद अखंड संकल्प ज्योति मंदिर में कन्या पूजन एवं कन्या भोजन का आयोजन भी समिति के माध्यम से रखा गया है। समिति के माध्यम से पूरे साल वसंतोत्सव, फाग याञा, कावड़ याञा, रक्षा बंधन पर्व, अनंत चर्तुदशी, कार्यकर्ता सम्मेलन, दिपावली मिलन समारोह एवं रंगोली प्रतियोगिता जैसे आयोजन भी होते है।

प्रशासन की तैयारी लगभग पूर्ण

भोजशाला के आयोजन को लेकर सुरक्षा की दृष्टि से प्रशासन द्वारा भी कानून व्यवस्था की गई हैं, बुधवार को एक दिन पहले इंदौर आईजी राकेश गुप्ता भी व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के लिए धार पहुंचे। यहां पर एसपी के साथ मिलकर भोजशाला का निरीक्षण कर व्यवस्थाएं देखी है। इस पूरे परिसर में बैरिकेड लगाए गए हैं, साथ ही चौकी के पास स्थित मैदान में वॉर्च टॉवर के माध्यम से पुलिस जवान नजर रखेंगे। वहीं पूरे परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए है। बसंत पंचमी को लेकर जिला प्रशासन सहित पुलिस अधिकारियों की डयूटी लगाई गई है। एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार से लेकर पटवारी भी डयूटी के लिए मौजूद रहेंगे।

उज्जैन, इंदौर व झाबुआ का बल बुलाया

पुलिस अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार धार को बसंत पंमची के आयोजन को लेकर अतिरिक्त बल सुरक्षा की दृष्टि से मिला है। 32वी वाहिनी उज्जैन, 24वी वाहिनी जावरा, 15वी वाहिनी इंदौर, पीआरटीएस इंदौर, झाबुआ जिला, आलीराजपुर जिलों से कुल 550 पुलिसकर्मियों का बल धार को मिला हैं।

इसके साथ ही धार एडिशनल एसपी, उप सेनानी 34वीं वाहिनी, पुलिस अधीक्षक पीआरटीएस इंदौर भी मुख्य अधिकारियों के रुप में तैनात रहेंगे। वहीं 4 डीएसपी इंदौर सहित एसडीओपी व सीएसपी भी अलग-अलग स्थानों पर डयूटी करेंगे।

6 सेक्टर में होगी पुलिस सुरक्षा

  • हर सेक्टर के प्रभारी होंगे सीएसपी सहित एसडीओपी। सुरक्षा में साथ रहेंगे दो थाना प्रभारी सहित पुलिसबल।
  • शोभायात्रा यात्रा के साथ पुलिस की चार टीमें रहेगी तैनात।
  • यात्रा के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था तीन टीमें सभालेगी।
  • शहर की 22 ऊचें भवनों पर हाईराइज के रुप में तैनात रहेंगे सुरक्षाकर्मी।
  • शहर में 46 स्थानों पर फिक्स पाईंट के रुप में पुलिस जवान तैनात रहेंगे।
  • 12-12 घंटे की ड्यूटी के रुप में पुलिस की चार मोबाइल वाहन सुरक्षा के रुप में रहेगी।
  • शहर के भीतर गली-मोहल्ले में सुरक्षा के चलते पुलिस की 5 बाइक टीम सतत भ्रमण करेगी।
  • साइबर क्राइम ब्रांच की पूरी टीम शहर में निगरानी रखेगी।
  • जिले के अतिसंवेदनशील ग्राम दिग्ठान, नालछा, केसुर व अमझेरा में भी पुलिस जवान तैनात रहेंगे।।
  • तीन स्थानों पर फायर बिग्रेड मौजूद रहेगी।
  • सीसीटीवी एंड सर्विलेंस व्हीकल रहेगी तैनात वाटर कैनन के साथ मिनी क्रेन रहेगी अश्वारोही दल।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

वासवानी ने पीएचई कर्मियों को धमकाया

Wed Jan 25 , 2023
जलकर वसूली करने पहुंचे थे, थाने में शिकायत उज्जैन, अग्निपथ। पीएचई विभाग जलकर वसूली को लेकर अभियान चला रहा है। बुधवार को कर्मचारी डेयरी संचालक से बकाया राशि की वसूली के लिये पहुंचे तो संचालक पुत्र ने धमकी दी और भगा दिया। मामले की शिकायत माधवनगर थाने पर की गई […]

Breaking News