बाधित नहीं होगी लड्डू प्रसाद सप्लाई, अन्न क्षेत्र में रखा जायेगा बड़ी मात्रा में स्टॉक

Mahakal laddu prasad unit

उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में आगामी 18 फरवरी को महाशिवरात्रि पर्व का उल्लास बिखरेगा। ऐसे में मंदिर प्रबंध समिति अपने तंई तैयारियां कर रही है। इसमें मुख्य रूप से लड्डू प्रसाद की काउंटरों पर उपलब्धता पर सवाल उठ सकते हैं। इसके लिये मंदिर प्रबंध समिति बड़ी मात्रा में प्रसाद अन्न क्षेत्र में रखवा कर इसकी आपूर्ति तो पूरी कर देगी। लेकिन दूर पार्किंग और अन्य जगहों पर लगाये जाने वाले काउंटरों तक सप्लाई पहुंचाने में बाधा आ सकती है।

भगवान महाकाल के आंगन में डेढ़ दिन महाशिवरात्रि पर्व का उल्लास देखने को मिलेगा। 18 फरवरी को तो पर्व मंदिर में मनाया जायेगा तो दूसरे दिन 19 फरवरी को दोपहर की भस्मारती होगी। ऐसे में मंदिर में डेढ़ दिन पर्व मनाया जायेगा। ऐसे में मंदिर में दर्शनार्थियों के संख्या भी इस बार 7 लाख के पार होने की संभावना है। दूसरे दिन अवश्य ही थोड़ी कम भीड़ मंदिर में उमड़ेगी। लेकिन इन डेढ़ दिनों करीब 200 क्विंटल लड्डू प्रसाद के उठाव होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

मंदिर के अन्नक्षेत्र से लगाकर प्रोटोकाल कार्यालय तक 20 के करीब लड्डू प्रसाद काउंटर लगाये जायेंगे। वहीं पार्किंग के आसपास और हरसिद्धि चौराहा पर भी काउंटर लगाने की योजना बनाई जा रही है। लड्डू प्रसाद का तो स्टॉक होना शुरू हो गया है। लेकिन इस दिन लड्डू प्रसाद की सप्लाई भीड़ के कारण बाधित हो सकती है। इतनी भीड़ में ईरिक्शा से लड्डू प्रसाद इधर से उधर ले जाने पर पर भी संकट के बादल मंडरा सकते हैं। पूरी व्यवस्था पुलिस के हाथों में होगी। ऐसे में लोडिंग ऑटो इधर से उधर ले जाने में भी परेशानी आयेगी। अन्नक्षेत्र तो ठीक लेकिन महाकाल लोक की पार्किंग के आसपास तक लड्डू प्रसाद की सप्लाई कैसे हो पायेगी। इसको लेकर कोई योजना मंदिर प्रबंध समिति ने नहीं बनाई है।

अन्नक्षेत्र में रखा जायेगा बल्क मात्रा में प्रसाद

जानकारी में आया है कि अन्नक्षेत्र में चार से पांच गाड़ी लड्उू प्रसाद का स्टॉक रखा जायेगा। यहीं से प्रसाद काउंटर तक इसको पहुंचाया जायेगा। हालांकि मंदिर के निर्गम गेट पर स्थित सप्लाई यूनिट से भी लड्डू प्रसाद पहुंचाने की व्यवस्था है। एक शिफ्ट में दो लोडर और एक ड्रायवर फिलहाल कार्य कर रहे हैं। इनकी संख्या भी बढ़ाई जायेगी। लेकिन सबसे बड़ा सवाल इस बात का उठ रहा है कि महाकाल लोक की पार्किंग या अन्न क्षेत्र के काउंटरों पर लड्डू प्रसाद की फिर भी कमी पड़ जाय तो इससे कैसे निपटा जायेगा। क्योंकि सप्लाई लोडिंग ऑटो को पुलिसकर्मी इतनी आसानी से भीड़ के बीच इधर से उधर नहीं ले जाने देंगे।

एक दिन पहले की जम जायेंगे काउंटरों में

महाकाल नि:शुल्क अन्न क्षेत्र के बाहर और पार्किंग और हरसिद्धि चौराहा पर लगाये गये काउंटरों पर एक दिन पहले ही लड्डू प्रसाद पहुंचा दिया जायेगा। इसके बाद भी चार से पांच गाड़ी लड्उू प्रसाद अन्नक्षेत्र में रखा जायेगा। यहीं से काउंटरों पर इसकी आपूर्ति चलती रहेगी। लेकिन इनके खत्म होने के बाद असल परेशानी आयेगी। निर्गम गेट से सप्लाई यूनिट से ऑटो रिक्शा निकाल कर ले जाना इतना आसान नहीं होगा। वहीं पार्किंग और हरसिद्धि चौराहा तक तक तो पहुंचना एक प्रकार से नामुमकिन ही होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पुलिस-आर्मी को नि:शुल्क तो दानदाताओं से क्यों लिया जा रहा प्रवेश शुल्क

Mon Feb 13 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में नई व्यवस्था के तहत सभी से शुल्क लिया जाकर मंदिर में प्रवेश दिया जा रहा है। लेकिन इनमें दानदाताओं को भी शामिल कर लिया गया है। बड़े दानदाताओं के पास कार्ड होने के बाद भी उनको मंदिर के अंदर प्रवेश से रोका जा रहा […]