21 लाख का दावा, तैयारी 18 लाख की

टारगेट पूरा करने में अधिकारियों ने झोंकी पूरी ताकत, मुख्यमंत्री जलाएंगे पहला दीप

उज्जैन, अग्निपथ। शिप्रा तट पर महाशिवरात्री के दिन दीप प्रज्वलन का वल्र्ड रिकार्ड बनाने की तैयारियों में अधिकारियों ने पूरा जोर लगा दिया है। पिछले लगभग 1 महीने से शिप्रा तट पर 21 लाख दीप प्रज्वलन की बात कही जा रही थी।

गुरुवार को कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने भी स्वीकार किया कि शिप्रा तट पर 21 लाख दीप लगाए ही नहीं जा सकते, यहां 19 लाख दीपक लगाने की ही जगह है। इसके उलट नगर निगम ने शिप्रा तट के 6 घाटो पर 18 लाख दीपक लगाने की कार्ययोजना तैयार की है। कार्यक्रम में केवल एक दिन का समय शेष रह गया है, जबकि शिप्रा तट पर केवल 4 से 5 लाख दीपक ही जमाए जा सके है।

गुरुवार की दोपहर में दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अपर कलेक्टर और स्मार्ट सिटी कंपनी के सीईओ आशीष पाठक ने सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों के एक व्हाट्सअप ग्रुप में मैसेज डाला था। इस मैसेज में उन्होंने लिखा कि- समय कम बचा है। अभी तक केवल 4 लाख दीपक ही लग सके है। इसलिए जो भी समूह घाट के पास है, वे दत्त अखाड़ा और रामघाट क्षेत्र में दीपक लगाने के सेवा कार्य में आमंत्रित है। नोडल अधिकारी के इस मैसेज के बाद कई सारी संस्थाओं के पदाधिकारियों ने दीपक लगाने का काम करते हुए सेल्फी अपलोड की। 36 घंटे के लगभग अवधि में घाटो पर लगभग 13 लाख दीपक लगाने का लक्ष्य हांसिल करने के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की पूरी टीम जी-जान से जुट गई है।

शहर में भ्रमण भी करेंगे मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार की शाम करीब 5 बजे उज्जैन पहुंचेंगे। वे महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के उपरांत सीधे शिप्रा तट पर पहुंच जाएंगे। यहां वालिएंटर्स का उत्साह वर्धन करने के बाद दीप प्रज्वलन कार्यक्रम के मुख्य मंच पर पहुंचेंगे। दीप प्रज्वलन और रिकार्ड सैरेमनी में भाग लेने के बाद मुख्यमंत्री का शहर भ्रमण का कार्यक्रम है। शहर में वे कहां और किस रूट पर जाएंगे फिलहाल यह साफ नहीं है।

नया रिकार्ड बना लेंगे

गुरुवार को कलेक्टर कुमार पुरुषोत्तम ने दीप प्रज्वलन कार्यक्रम को लेकर मीडियाकर्मियों से बात की। कलेक्टर ने कहा कि संपूर्ण शहर में हमारा लक्ष्य 21 लाख दीपक लगाने का है। इसके अलावा शिप्रा तट पर 18 से 19 लाख दीप एक साथ प्रज्वलित करने के प्रयास रहेंगे। इसी मान से व्यवस्था बनाई गई है। अयोध्या में दीप प्रज्वलन का रिकार्ड 15 लाख 76 हजार दीपको का है, कलेक्टर ने कहा कि अभी तक की गई तैयारियों के मान से अयोध्या में बना रिकार्ड ब्रेक कर नया रिकार्ड बना लिया जाएगा।

दीप प्रज्वलन की खास बातें

  • दीप प्रज्वलन वर्ल्ड रिकार्ड का पहला दीप मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान प्रज्वलित करेंगे।
  • इस पूरे काम में 20 हजार वालिएंटियर्स जुटेंगे। हूटर बजते ही 15 मिनिट की अवधि में प्रत्येक एक ब्लॉक के लिए तैनात 2 लोग दीप जलाएंगे।
  • दीप प्रज्वलन के तत्काल बाद ही सभी वालिएंटियर्स घाट से पीछे हो जाएंगे, करीब 15 मिनिट तक गिनिज बुक ऑफ रिकार्ड्स की टीम ड्रोन से वीडियोंग्राफी करेगी।
  • वीडियों फुटेज के आधार पर दीपकों के ब्लॉक की गणना होगी और इसके तत्काल बाद मुख्यमंत्री को दीपकों की संख्या का प्रमाण पत्र सौंप दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल दर्शन के लिए 2 किलोमीटर चलना होगा पैदल

Thu Feb 16 , 2023
10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार महाकालेश्वर मंदिर में करीब 10 लाख लोग दर्शन करने आ सकते है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की इसी संख्या को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं को अमली जामा पहनाया है। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए […]

Breaking News