महाकाल दर्शन के लिए 2 किलोमीटर चलना होगा पैदल

10 लाख श्रद्धालुओं के आने का अनुमान

उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर्व पर इस बार महाकालेश्वर मंदिर में करीब 10 लाख लोग दर्शन करने आ सकते है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की इसी संख्या को ध्यान में रखते हुए जरूरी व्यवस्थाओं को अमली जामा पहनाया है। महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए पुलिस ने जो व्यवस्था बनाई है, उसके मान से प्रत्येक श्रद्धालु को कतार में करीब 2 किलोमीटर पैदल चलना होगा। दावा किया जा रहा है कि कतार में लगने के बाद से एक घंटे की अवधि में दर्शन करने के बाद बाहर निकल जाएंगे।

गुरुवार को कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम और एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने मीडियाकर्मियों के माध्यम से महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन के लिए किए गए इंतजामों की जानकारी साझा की। कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने बताया कि सीहोर में रूद्राक्ष वितरण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए भी लाखों लोग जुटे है। महाशिवरात्री पर सीहोर से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु उज्जैन आएंगे। कलेक्टर ने कहा कि पिछले वर्ष की अपेक्षा इस बार मंदिर विस्तारीकरण के काम लगभग पूरे हो गए है, इसलिए अब व्यवस्था ज्यादा बेहतर तरीके से हो सकेगी।

पार्किंग से चलेंगी मुफ्त सिटी बसें

महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं के लिए जिला प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों की संयुक्त टीम ने 10 स्थानों पर वाहन पार्किंग बनवाई है। इंदौर रोड पर प्रशांति धाम से लेकर कर्कराज मंदिर तक एक ही रूट पर 8 पार्किंग होगी। इसके अलावा कार्तिक मैला मैदान और कृषि उपार्जन केंद्र मुल्लापुरा में भी दो पार्किंग बनाए गए है। सभी वाहन पार्किंग स्थलों से श्रद्धालुओं को नृसिंह घाट तक लाने के लिए 100 सिटी बसें चलाएंगे। ये सभी बसें इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस कंपनी की होंगी, बसों पर किसी तरह का शुल्क नहीं लिया जाएगा। कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम के मुताबिक अधिकतम 5 मिनिट के अंतराल से पार्किंग स्थलों से बसें मुहैया होंगी।

व्यवस्था में जुटेंगे 2 हजार पुलिसकर्मी

एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था में शहर के तीन एएसपी सहित कुल 9 एएसपी अलग-अलग सेक्टर की व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा 23 डीएसपी-सीएसपी रैंक के अधिकारी तैनात होंगे। संपूर्ण व्यवस्था में उज्जैन जिला पुलिस के 1300 जवानों के अलावा 700 पुलिसकर्मी दूसरे जिलों से उज्जैन आएंगे। 2 हजार पुलिसकर्मियों के अलावा 1200 वालिएंटियर्स की भी पुलिस व्यवस्था बनाने में सहयोग लेगी।

एक बजे से लाईन लगेगी, 2 से दर्शन आरंभ

महाकालेश्वर मंदिर में 17 और 18 फरवरी की दरमियानी रात 1 बजे से ही नृसिंह घाट रोड़ पर गोंड बस्ती के नजदीक से दर्शनार्थियों की कतार लगाना आरंभ कर दी जाएगी। कलेक्टर कुमार पुरूषोत्तम ने बताया कि रात 2 बजे से मंदिर में दर्शन आरंभ कर दिए जाएंगे।

80 हजार जूतों के रखने की व्यवस्था

नृसिंह घाट पर गंगोत्री गार्डन के पास प्रशासन ने श्रद्धालुओं के लिए जूता-चप्पल स्टेंड बनवाया है। इस स्टेंड पर एक वक्त में लगभग 80 हजार जूते-चप्पल रखे जा सकेंगे। कतार में खड़े श्रद्धालुओं के लिए लगभग 3 लाख पानी की बोतलों का इंतजाम किया गया है। हर 200 मीटर की दूरी पर पानी उपलब्ध होगा। इसके अलावा 6 जगहों पर फायर स्टेशन और प्राथमिक उपचार की सुविधा मुहैया होगी। नि:शक्त और वृद्धजनों के लिए ई-कार्ड की सुविधा भी मौजूद रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

एंबुलेंस में शव लेकर थाने पहुंच गए परिजन, दो घंटे किया घेराव

Thu Feb 16 , 2023
गोलीकांड के आरोपियों के घर तोडऩे की मांग,पांच आरोपी गिरफ्तार उज्जैन, अग्निपथ। चुनावी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या से कायथा में गुरुवार को भारी हंगामा हुआ। ग्रामीण एंबुलेंस में युवक का शव थाने ले गए और दो घंटे घेराव कर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके मकान तोडऩे की […]

Breaking News