नलखेड़ा, अग्निपथ। बेटी की विदाई पर संबंधित परिवारजनों की आंखें नम रहती है, लेकिन ऐसी विदाई किसी की नहीं देखी जब पूरे नगरवासियों की आंखें नम दिखाई दी। अवसर था नगर की बेटी जिसने हाल ही में संयम जीवन अंगीकार कर जैन भगवती दीक्षा ग्रहण की उसकी विदाई बेला नगर के इतिहास में यादगार बन गई। सोमवार को नगर की सडक़ों पर जो नजारा देखने को मिला उसमें सडक़ के दोनों ओर तथा मकानों की छतों-गैलरी में हजारों की संख्या में नागरिक जमा थे। हर कोई नवदीक्षित साध्वी सिद्धमपूर्णा श्रीजी की एक झलक पाने को आतुर दिखाई दे रहा था। हजारों की संख्या में नगरवासी, ग्रामवासी तथा महिलाएं उन्हें विहार के प्रथम पड़ाव लालूखेड़ी तक आत्मीयता के साथ छोडऩे के लिए पैदल साथ में गए।

नगर की बेटी संयमी तिलगोता जिसका दीक्षा समारोह कार्यक्रम 18 मार्च को नगर में बड़ी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ था। दीक्षा के पश्चात साध्वी सिद्धम पूर्णा श्री जी म. सा. का नगर से प्रथम विहार साध्वी अमीपूर्णा श्रीजी आदि ठाणा के साथ लालूखेड़ी के लिए हुआ। सोमवार को हनुमान मंडी स्थित जैन आराधना भवन से उनका विदाई चल समारोह नगर में निकाला गया। चल समारोह प्रारंभ होने के पूर्व से ही हजारों की संख्या में नगरवासी तथा महिलाएं सडक़ के दोनों और जमा हो गए थे तो कई मकानों की छतों तथा गैलरियों पर भी जमा थे।
साध्वी मंडल को बैंड – बाजे तथा ढोल- ढमाकों के साथ लालूखेड़ी के लिए विदाई दी गई। कई स्थानों पर नगरवासियों द्वारा साध्वी मंडल के समक्ष गहुली कर उन्हें अक्षत से बदाया गया। विदाई की इस बेला को यादगार बनाने के लिए हर कोई उनकी विदाई के अविस्मरणीय क्षण को मोबाइल में कैद कर उनका वीडियो बना रहा था। विदाई के इस समारोह में आगे – आगे डीजे बैंड पर जैन भजनों की प्रस्तुति दी जा रही थी।
जनप्रतिनिधि भी हुए शामिल

नूतन साध्वी सिद्धिमा पूर्णा श्रीजी के नगर से प्रथम मंगल विहार के अवसर पर पूर्व विधायक वल्लभभाई अंबावतिया, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दिलीप सकलेचा, भाजपा जिला मंत्री मुकेश लोढ़ा, नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विजय सोनी सहित नगरवासियों ने मंगल विहार में शामिल होकर नम आंखों से विदाई दी।

