भगवान श्री महाकालेश्वर के शीघ्रदर्शन भी डेढ़-दो घंटे में

अनुभवहीन कर्मचारी संभाले हैं दर्शन व्यवस्था, सुधार की दरकार

उज्जैन, (हरिओम राय) अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन व्यवस्था में सुधार की और दरकार है। गुरुवार दोपहर को शीघ्र दर्शन की लालसा में २५० रुपए खर्च करने वाले श्रद्धालुओं को भी दर्शन करने में डेढ़ से दो घंटे लग रहे थे। जबकि आम दर्शनार्थी भी करीब दो घंटे में दर्शन कर रहे थे।

गुरुवार दोपहर को जब गर्भ गृह से दर्शन व्यवस्था शुरू हुई, उसके बाद से शीघ्र दर्शन के लिए 250 रुपए की रसीद कटाकर दर्शन के लिए जाने वाले दर्शनार्थियों को भी दर्शन में डेढ़ से दो घंटे का वक्त लग रहा था। जबकि दो घंटे में सामान्य दर्शनार्थी को भी दर्शन मिल रहे थे। इसका कारण दर्शन व्यवस्था में अनुभव की कमी सामने आई है।

बेरिकेड्स में ही रोके रखा

शीघ्र दर्शन की रसीद लेने के बाद दर्शनार्थियों ने गेट नंबर 4 से शीघ्र दर्शन की लाइन से प्रवेश किया तो उन्हें लंबे समय तक उपर बेरिकेड्स मेें ही रोके रखा। नीचे सभा मंडप में भी दर्शनार्थियों को रसीद चैकिंग के नाम पर लंबे समय तक रोका गया।

केसीसी कंपनी कर्मचारियों में अनुभव की कमी

दर्शन व्यवस्था पूरी तरह से निजी कंपनी केसीसी के कर्मचारियों के जिम्मे थी। जो कि किसी भी रूप में अनुभवी नहीं है। ये कर्मचारी उतना ही काम कर रहे थे जितना उन्हें कहा गया था। दर्शनार्थियों के साथ इनका व्यवहार और वार्तालाप भी शालीनतापूर्ण नहीं है।

धक्का-मुक्की कर बना देते हैं डरावना माहौल

गर्भगृह में दर्शन के वक्त काफी धक्कामुक्की का माहौल हो जाता है और ये धक्कामुक्की कंपनी के कर्मचारी ही करते हैं। बिना वजह दर्शनार्थियों को धकियाने और चीखने-चिल्लाने के कारण गर्भगृह का माहौल इन लोगों के कारण काफी डरावना सा महसूस होता है। ऐसे में दर्शनार्थी भगवान पर ध्यान देने से ज्यादा इन लोगों की हरकतों के कारण सहमे सहमे से रहते हैं।

गर्भगृह में दर्शनार्थी जितने ही पंडे-पुजारी और कर्मचारी

हम आपको बता देें कि गर्भगृह में जितने दर्शनार्थी होते हैं उतने ही निजी कंपनी के कर्मचारी और पंडे-पुजारी होते हैं, इस कारण अंदर जगह ही नहीं बचती। इसी बीच कोई पुजारी अपने यजमान को जलाभिषेक या पूजन के लिए बैठा लेता है तो जगह और भी नहीं बचती। निजी कंपनी के कर्मचारी पुलिस विभाग और पंडे-पुजारियों के यजमान का पूरा ध्यान रखते हैं उन्हें कोई तकलीफ ना हो।

Next Post

नागदा ग्रेसिम मेें आग चार श्रमिक झुलसे

Thu Mar 23 , 2023
नागदा, अग्निपथ। ग्रेसिम केमिकल डिविजन में गुरुवार दोपहर हादसा हो गया। यहां हाइड्रोजन टैंक के मैटेनेंस के दौरान आग लग गई। जिससे चार श्रमिक झुलस गए। गंभीर घायल तीन श्रमिकों को जनसेवा में प्राथमिक इलाज के बाद इंदौर रैफर किया गया है। एक श्रमिक का इलाज जनसेवा में जारी हैं। […]
Grasim industries nagda

Breaking News