ब्राह्मण समाज ने किया थाने का घेराव

प्राचार्य केे घर पर पथराव करने वालों पर प्रकरण दर्ज करने की मांग

शाजापुर, अग्निपथ। बालकृष्ण शर्मा नवीन शासकीय कॉलेज प्राचार्य के घर पर पथराव करने के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग को लेकर रविवार रात ब्राह्मण समाज के लोगों ने लालघाटी थाने का घेराव किया। इस दौरान टीआई लालघाटी अनिल पुरोहित और समाज के लोगों के बीच तू-तू मैं-मैं भी हुई।

कॉलेज के प्राचार्य वीके शर्मा पर कॉलेज की ही महिला कर्मचारी के साथ छेड़छाड़ का आरोप लगा था। इसके बाद कुछ लोगों ने उनके घर पहुंच कर पथराव किया था। प्राचार्य के घर पथराव करने वाले आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किए जाने की मांग को लेकर रविवार रात लालघाटी थाने पर करीब एक घंटे तक ब्राह्मण समाज के लोगों ने हंगामा किया।

सूचना मिलने पर एसडीओपी दीपा डोडवा मौके पर पहुंचीं और फुटेज के आधार पर कार्रवाई किए जाने का आश्वासन दिया। पुलिस ने समाज के लोगों से कहा कि वे वीडियो फुटेज लेकर सोमवार दोपहर को थाने आएं जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद सोमवार दोपहर को जब समाज के लोग थाने पहुंचे तो टीआई पुरोहित ने मुकदमा दर्ज करने से इनकार कर दिया जिसको लेकर एक बार फिर थाने पर हंगामा हो गया।

करीब डेढ़ घंटे तक चले हंगामे के बाद टीआई ने दस दिनों में मामले की जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई किए जाने की बात कही। समाज के लोगों ने कहा कि यदि दस दिनों में पत्थरबाजों के खिलाफ प्रकरण दर्ज नही किया गया तो समाज के लोग उग्र आंदोलन करेंगे।

बैठक में उठा मुद्दा

ब्राह्मण समाज की बैठक रविवार शाम को चामुंडा माता टेकरी पर आयोजित की गई। बैठक में समाज के हितार्थ मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान प्राचार्य व्हीके शर्मा और उनकी पत्नी ने घर पर पत्थरबाजी करने वाले दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग उठाई। प्राचार्य ने कहा कि उन पर पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर लिया, जबकि घर पर पत्थर फेंकने वाले आरोपियों पर अब तक कोई कार्रवाई नही की है। इसके बाद ब्राह्मण समाज के लोग लालघाटी थाने पहुंचे और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

अपराधियों से चुनाव में भी तौबा करें..!

Mon Jan 11 , 2021
इन दिनों प्रदेश सरकार द्वारा अपराधों को खत्म करने के लिए अपराधियों को नेस्तनाबूद करने की मुहिम चलाई जा रही है। कांग्रेस सरकार में मुख्यमंत्री कमलनाथ द्वारा अपराधियों और मिलावटखोरों के खिलाफ शुरू की गई शुद्धिकरण की मुहिम भाजपा सरकार में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान भी गंभीरता से चलाए हुए हैं। […]