व्यापारी संघ के विरोध के बाद मंडी प्रशासन की कवायद
उज्जैन, अग्निपथ। अनाज मंडी में नीलामी के समय दो से ज्यादा फर्मों की खरीदी करने वाले व्यापारियों और दलालों की पहचान करने में मंडी प्रशासन जुट गया है। मंडी प्रशासन की यह कवायद अनाज तिलहन व्यापारी संघ के एतराज के बाद की जा रही है। इसके संबंध में एसोसिएशन को अवगत करा दिया गया है।
मंडी सचिव उमेश शर्मा बसेडिया ने बताया कि मंडी समिति को अनाज तिलहन व्यापारी संघ का पत्र मिला था। इस पत्र में उन्होंने व्यापारियों या दलालों के द्वारा नीलामी में दो से ज्यादा बोली लगाए जाने पर आपत्ति जताई थी। साथ ही इन व्यवस्था पर रोक नहीं लगाने पर मंडी बंद करने की चेतावनी दी थी।
मंडी प्रशासन ने इस पत्र के बाद नीलामी कराने वाले मंडी के कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। सभी से इस व्यवस्था पर रोक लगाने और दो से ज्यादा फर्मों की बोली लगाने वालों की पहचान करके सूची बनाने के निर्देश दिए हैं। करीब एक सप्ताह का समय इसमें लग सकता है। इस आशय की जानकारी अनाज तिलहन व्यापारी संघ के अध्यक्ष को दे दी गई है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले मंडी में व्यापारियों ने मंडी प्रशासन के अधिकारियों को इस अव्यवस्था को दूर करने की मांग करते हुए मंडी में नीलामी को रोक दिया था। करीब दो घंटे तक मंडी में काम नहीं हो पाया था।
17 लाख की कीमत से नया शेड बनकर तैयार
सब्जी मंडी में साढ़े सात हजार स्क्ेवयर का एक प्लाट नाले के पास बेकार पड़ा हुआ था। मंडी सचिव उमेश शर्मा के संज्ञान में आने के बाद उन्होंने उसे विकसित करा दिया। अब इस प्लाट पर सब्जी मंडी का शेड तैयार हो गया है। शर्मा का कहना है कि यहां लहसुन की नीलामी कराने की योजना है। इससे सब्जी मंडी में एक शेड अतिरिक्त हो गया है।