पत्रकार वो भूमिका अदा करें जिससे जनता खुशहाल हो सके

बाबा उमाकान्त जी महाराज द्वारा बाबा जयगुरुदेव आश्रम उज्जैन में पत्रकारों का सम्मान

उज्जैन, अग्निपथ। सोमवार को बाबा उमाकान्त जी महाराज के तत्वावधान में बाबा जयगुरुदेव जी के ग्यारहवें वार्षिक मार्गदर्शक भंडारे के अंतर्गत बाबा जयगुरुदेव शब्द योग विकास संस्था द्वारा उज्जैन के पत्रकारों के सम्मान एवं भोज का आयोजन पिंगलेश्वर स्थित बाबा जयगुरुदेव आश्रम में किया गया। इस अवसर पर तीनों प्रेस के अध्यक्ष अर्जुनसिंह चंदेल, विशालसिंह हाड़ा और शैलेन्द्र कुल्मी विशेष रूप से मौजूद रहे। साथ ही उज्जैन के अनेकों प्रिंट, टीवी एवं डिजिटल मीडिया के पत्रकार बंधु उपस्थित रहे। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्षों द्वारा महाराज जी द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह की सराहना कर धन्यवाद ज्ञापित किया गया।

उमाकांत महाराज ने कहा कि गुरु महाराज बाबा जयगुरुदेव पत्रकारों को पुरोहित कहते थे। जो लोगों की समस्याओं को सुलझाने का काम करते, जनता का समाचार खबर जो जनता के बीच में नहीं पहुंच पाती, उन तक पहुंचाने का काम जो करते हैं, उनको पुरोहित कहते हैं। इस वक्त पर मैं यह देख रहा हूं कि जहां तक दुनिया की बुद्धि फेल हो जाती है वहां तक पत्रकारों की पहुंच होती है। आप लोगों को पूरा अध्ययन है। शुरू से लेकर के सारी जानकारी देश की रहती है। आपको कुछ बताने याद दिलाने की जरूरत नहीं है।

आप लोगों से हमारी यही प्रार्थना है कि देश की जनता जिस तरह से भी खुशहाल हो, वह भूमिका आप लोगों को अदा करनी चाहिए। आप लोग ऐसे हो कि जमीन से लेकर आसमान तक पहुंचने वालों में से हैं। कहने का मतलब यह है कि एक गरीब जनता के गरीबी का भी अनुभव आप लोग करते हैं और अमीर लोगों का भी अनुभव आप करते हैं।

हम तो आप लोगों से यही प्रार्थना करेंगे कि अनुभव के आधार पर, कि किस तरह से लोगों की समस्याएं दूर की जाएं, किस तरह से घर-घर की बीमारियां खत्म की जाए, घर-घर का लड़ाई-झगड़ा खत्म कर दिया जाए, जो बरकत नहीं हो रही है, वह बरकत कैसे लोगों को दिलाया जाए। नियम कानून के अंतर्गत भी लोग काम नहीं कर पा रहे हैं। उसमें कैसे संशोधन किया जाए, इस विषय पर चिंतन करने की आवश्यकता है। हम तो केवल निवेदन कर सकते हैं, आदेश नहीं।

देशभक्ति कैसे आएगी

कार्यक्रम में मौजूद उज्जैन शहर के मीडियाकर्मी।
कार्यक्रम में मौजूद उज्जैन शहर के मीडियाकर्मी।

उन्होंने बताया कि दो क्षेत्र रहते हैं- आध्यात्मिक और भौतिक। इनमें जो देश तरक्की कर जाता है, उस देश के लोग आगे बढ़ जाते हैं, वही लोग पूज्य हो जाते हैं। भारत ऐसा देश है, इसकी महिमा और गरिमा पूरे विश्व में फैली हुई है। अध्यात्म की जो पावर शक्ति विद्या पूरे विश्व में फैली है। उस शक्ति के बल पर लोग धनी मानी विद्वान वैज्ञानिक बने कि हम चांद पर पहुंच गए, अपने को मजबूत कर रहे हैं। सब कुछ होते हुए भी वह शक्ति कला धीरे-धीरे लुप्त होती जा रही हैं। इस पर भी आज विचार करने की जरूरत है कि इसे कैसे बढ़ाया जाए, जानकारों के पास कैसे जाया जाए, उनके पास सीखा जाए। देश भक्ति बहुत बड़ी चीज है। कौन कितना देशभक्ति समय पर कर रहा है, यह सब लोगों को बताने की जरूरत नहीं है।

नीयत दुरुस्त रखो

जो रोटी रोजी न्याय सुरक्षा, लोगों के अंदर से खुदा परस्ती, ईश्वरवादिता खत्म होती जा रही है, लोग प्रकृति के प्रतिकूल काम करते चले जा रहे हैं जिससे प्रकृति समय पर जाड़ा गर्मी बरसात न दे करके खुशहाल न रखकर के लोगों को दु:ख दे रही है, इन समस्याओं को कैसे सुलझाया जाए? कैसे लोगों को बताया समझाया जाए? कि भाई आप अपना खान-पान, चाल-चलन, नीयत दुरुस्त रखो जिससे प्रकृति और देवता खुश हो जाएं।

मनुष्य शरीर क्यों मिला

बहुत से लोगों को यही नहीं मालूम है कि मनुष्य शरीर मिला किस लिए? खाने-पीने मौज मस्ती में ही समय को निकाल दे रहे हैं। वही काम जो पशु पक्षी करते हैं, खाते-पीते बच्चा पैदा करके दुनिया संसार से चले जाते हैं। उन्ही कामों में आदमी लगा हुआ है। जो जैसा कर्म करता है, कर्मों के अनुसार उसका फल मिलता है। इन बातों को अगर बताया समझाया जाए कि ईश्वर खुदा भगवान की बनाई खिलकत, उन्हीं का यह हरा भरा पेड़ पौधे जल पृथ्वी अग्नि वायु आकाश, उन्हीं के आदेश से चलते हैं। उन (प्रभु) को आप याद रखो।

क्या है सनातन धर्म

जो वास्तव में सनातन धर्म है। सत्य अहिंसा परोपकार धर्म को धारण कराया जाए। यह लोगों को बताया सिखाया समझाया जाए तो यह देश जैसे पहले धार्मिक देश कहलाता था, जैसे पहले लोग आध्यात्मिक थे। लोग केवल शरीर के लिए ही सब काम नहीं करके, इस शरीर को चलाने वाली शक्ति जीवात्मा परमात्मा की अंश के लिए भी कुछ करते थे तब आत्मशक्ति लोगों के अंदर में आ जाती थी। आज भी कहावत है कि धोतियां लोगों की उडक़र के आसमान में जाती थी और सूख करके फिर वापस आ जाती थी। जब नीयत दुरुस्त होगी, खानपान चाल-चलन विचार-भावनाएं सही होगी, लोग आध्यात्मवादी होंगे, ईश्वरवादी खुदापरस्त जब वे बनेंगे तब संभव होगा। इन सब चीजों को भी बताने समझाने की जरूरत है।

Next Post

व्यापारी बनकर की किसान के साथ 4.15 लाख की धोखाधड़ी

Mon May 22 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। व्यापारी बनकर गांव में आए शातिर बदमाश ने किसान के साथ लाखों की धोखाधड़ी कर दी। किसान से उपज खरीदने के बाद दूसरे से सौदा कर बदमाश लापात हो गया। पुलिस ने मामले में धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। भैरवगढ़ थाना पुलिस ने बताया कि ग्राम छीतरदेवी […]

Breaking News