उज्जैन: चिटफंड कंपनी SUSK की 4.40 करोड़ की संपत्ति 15 फरवरी तक होगी नीलाम

उज्जैन। यहां लोगों के साथ 35 करोड़ की धोखाधड़ी करने वाले चिटफंड कंपनी एसयूएसके इंडिया लि. के डायरेक्टर कैलाश लोधी की संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश प्रशासन ने दिया है। कुर्क संपत्तियों की सरकारी कीमत करीब 4.40 करोड़ और बाजार कीमत करीब 10 करोड़ रुपए आंकी जा रही है। एडीएम नरेंद्र सूर्यवंशी ने बताया कि संपत्तियों को कुर्क करने की कार्रवाई मंगलवार से शुरू होगी। कुर्क संपत्तियों को 15 फरवरी तक नीलाम किया जाएगा। कलेक्टर आशीष सिंह ने कहा कि नीलामी से मिली राशि को निवेशकों को वापस की जाएगी।

गौरतलब है कि कैलाश ने उज्जैन मेंSUSK कंपनी का दफ्तर देवास रोड स्थित डिवाइन वैली कॉम्प्लेक्स में खोला था। उसने 14 चिटफंड कंपनी बनाकर लोगों से करीब 35 करोड़ की ठगी की। कैलाश लोधी ने शाइनिंग स्टार फिल्म कंपनी बनाकर बिरजू द विलेन और महिदपुर जीरो किमी जैसी क्षेत्रीय फिल्मों में कंपनी के निवेशकों का पैसा लगाया था। राजगढ़ के पीलूखेड़ी में एक साबुन की फैक्ट्री भी लगाई थी। करीब छह साल पहले कैलाश उज्जैन दफ्तर को रातोंरात ताला लगाकर फरार हो गया था। उस समय लोगों ने उसकी शिकायत उज्जैन ईओडब्ल्यू के तत्कालीन एसपी जितेंद्र सिंह से की थी। जांच के बाद ईओडब्ल्यू ने कैलाश और एसयूएसके के अन्य डायरेक्टर्स के खिलाफ केस दर्ज किया था।

एमपी के अलावा छत्तीसगढ़ महाराष्ट्र व उत्तर प्रदेश में भी की थी धोखाधड़ी

कैलाश ने मप्र सहित छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, उड़ीसा, आंध्रप्रदेश और उत्तरप्रदेश में भी चिटफंड कंपनी के नाम पर लोगों को ठगा था। ठगी के पैसे से कैलाश ज्यादातर जमीन की खरीद फरोख्त करता था।
मजदूरी करता था कैलाश, किराने की दुकान में नौकरी भी की

कैलाश के बारे में पता चला है कि करीब 40 साल पहले वह मजूदरी करता था। परिवार का खर्च चलाने के लिए चाय की दुकान खोली और किराने की दुकान में नौकरी भी की। उसके बाद एक चिटफंड कंपनी में नौकरी शुरू की। यहीं से उसने चिटफंड कंपनी के कामकाज को सीखा। साल 2011 में उसने एसयूएसके नाम से खुद ही एक चिटफंड कंपनी खोली। इसके अलावा यूएसके रियल इस्टेट इंडिया लि., शाइनिंग स्टार फिल्म, शाइनिंग स्टार इन्फ्रास्ट्रक्चर लि., एसयूएसके प्रॉपर्टी वेंचर लि., शिवाय एग्रो प्रोड्यूसर इंडिया लि., एके बिल्डकॉम एंड कॉन्स्ट्रक्शन लि., सूर्या लीला डेयरी एंड प्रोडक्ट, शाइनिंग सोप एंड केमिकल प्रा. लि. इंडस्ट्रीज, पेस्ट कंट्रोल इन्डिको प्रा. लि., एसयूएसके मार्केटिंग लि., एसयूएसके एरेस्टेक लि., एसयूएसके इंश्योरेंस एजेंट लि. और ईएसएसडी हायर पर्चेज लि. नाम से कंपनी खोलकर देश के कई राज्यों में लोगों को पैसे के बदले जमीन का लालच देकर करोड़ों ठगा।

इन संपत्तियों की होगी कुर्की

1. आवासीय भवन 10 एक मंजिला वृद्धावन नगर अयोध्या बायपास, तहसील हुजूर जिला भोपाल, क्षेत्रफल 275.95 वर्ग मीटर। (कीमत 80 लाख) 2- भूखंड क्रमांक ए श्री विशाला क्षेत्र उज्जैन पर निर्मित बहुमंजिला भवन। डिवाइन वैली के फर्स्ट फ्लोर बी-203, कीमत 20 लाख। 3- प्लांट नंबर 6-1, 6-2, 6-11 व 6-12 केसर बाग परिसर,पंवासा। कीमत 48 लाख रुपए। 4- भूखंड क्रमांक ए डिवाइन वैली फर्स्ट फ्लोर, बी ब्लॉक। कीमत 12 लाख। 5- एबी रोड वार्ड क्रमांक तीन भवन क्रमांक 25, मक्सी, शाजापुर। कीमत 15 लाख। 6- सर्वे क्रमांक 523-1, 531-2, 533 व 534, 535 ग्राम निवालिया, तहसील शुजालपुर व जिला शाजापुर। कीमत 65 लाख। 7- वार्ड क्रमांक 13, शिव मंदिर मोहल्ला, मक्सी में 10 लाख कीमत की संपत्ति। 8- वार्ड क्रमांक 02, एबी रोड नगर परिषद मक्सी। कीमत 10 लाख रुपए। 9- ग्राम भाउनखेड़ी 16 राजस्व निरीक्षक मंडल 02, तहसील ईछावर जिला सिहोर। कीमत एक करोड़ रुपए। 10- भूखंड क्रमांक ए विशाला क्षेत्र उज्जैन। डिवाइन वैली 02, फ्लोर बी। कीमत 15 लाख। 11- 18-1 नरेंद्र कॉलोनी, उदयन मार्ग उज्जैन। कीमत 50 लाख रुपए। 12- सिंचित भूमि ग्राम टीटोखी खेड़ा जिला शाजापुर। कीमत 15 लाख रुपए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

थाने पहुंचकर बोले..साहब धोखा हुआ है शिकायत लिखो

Tue Jan 19 , 2021
5 दिन पहले निगम उपयंत्री ने दर्ज कराया था प्रकरण उज्जैन, अग्निपथ। सरकारी जमीन पर प्लाट खरीदने वाले मंगलवार को थाने पहुंचे और कहा कि साहब धोखाधड़ी हुई है। शिकायत दर्ज करो। पुलिस ने मामले में नगर निगम की ओर से पहले ही कालोनाइजर के खिलाफ प्रकरण दर्ज होने की […]

Breaking News