गायब रहने वाले कर्मचारियों पर लगाम: माधवनगर अस्पताल में अब अंगूठे से हाजिरी

उज्जैन, अग्निपथ। माधव नगर अस्पताल में थंब मशीन से अब हाजिरी शुरू हो गई है। सीएमएचओ के आदेश के बाद थंब मशीन से हाजिरी भरने की प्रक्रिया को शुरू किया जा रहा है। इससे ड्यूटी से गायब रहने वाले कर्मचारियों पर लगाम तो कसेगी ही, साथ ही मरीजों को भी इससे लाभ होगा।

सीएमएचओ डॉ. दीपक पिप्पल ने उज्जैन आगमन के बाद माधव नगर अस्पताल का दौरा किया था। उनके साथ सिविल सर्जन भी थे। उन्होंने व्यवस्थाओं के निरीक्षण के साथ ही हाजिरी रजिस्टर का अवलोकन भी किया था। यहां पर उनको कई कर्मचारी ड्यूटी से नदारद भी मिले थे। जिस पर उन्होंने यहां पर थंब मशीन से हाजिरी लगाने के आदेश दिये थे।

इस आदेश के बाद थंब मशीन माधव नगर अस्पताल में लगा दी गई है। अब रजिस्ट्रेशन का का शुरू कर दिया गया है। प्रतिदिन 10 से 15 कर्मचारी अपना रजिस्ट्रेशन करवा रहे हैं। अभी तक लगभग 80 कर्मचारियों के रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं। रजिस्ट्रेशन का काम प्रगति पर है।

पहले अनदेखा किया, फिर पहुंच गये

इससे पहले हाजिरी रजिस्टर में अपनी उपस्थिति लगाकर कर्मचारी अपनी ड्यूटी से गायब हो जाता था। घर और बाहर का काम निपटाने के बाद वह आकर जाने का समय डालकर चला जाता था। ऐसे में स्टाफ कम होने की वजह से दूसरों को अपने समय के अतिरिक्त भी अस्पताल में अपना समय देना पड़ता था।

वहीं स्टाफ की कमी की वजह से मरीजों को उचित उपचार सेवा नहीं मिल पाती थी। थंब मशीन लगाये जाने के बाद कुछ कर्मचारियों ने पहले तो इसको नजरअंदाज किया, लेकिन बाद में लगा कि उनको वेतन आहरण में परेशानी आयेगी तो उन्होंने भी आकर अपना रजिस्ट्रेशन करवाना शुरू कर दिया।

20 नर्सिंग स्टूडेंटस की मांग की

माधव नगर अस्पताल स्टाफ की कमी से जूझ रहा है। ऐसे में मेडिकल, आईसीयू में स्टाफ की कमी तो है ही, हाल ही में शुरू किये गये लेबर रूम के लिये भी स्टाफ चाहिये। लिहाजा अस्पताल प्रभारी एचपी सोनानिया ने गुरुवार को 20 नर्सिंग स्टूडेंटस का मांग पत्र सिविल सर्जन डॉ. पीएन वर्मा को भेजा है। इन स्टूडेंटस से सुबह और दोपहर की शिफ्ट में काम लिया जायेगा।

Next Post

बाजार से खरीददारी कर लौट रहे युवक की दुर्घटना में मौत

Thu Aug 31 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। रक्षाबंधन का पर्व होने पर बुधवार को खरीददारी के लिये बाजार आया युवक देर शाम वापस लौट रहा था। रास्ते में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। युवक को जिला अस्पताल लाया गया। जहां कुछ देर में उसकी मौत हो गई। घट्टिया थाना पुलिस ने बताया कि निपानिया […]