महापौर से कहा सल्फास की गोली बांट दो, ताकि सभी मर जाएं तब सडक़ को स्मार्ट बना लेना

केडी गेट चौड़ीकरण: छज्जा तोडऩे की मुनादी से नाराज रहवासी नगर निगम पहुंचे

उज्जैन, अग्निपथ। केडी गेट चौड़ीकरण में फिर से छज्जा तोडऩे की मुनादी कराए जाने से नाराज स्थानीय लोग नगर निगम में पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इस दौरान महापौर मुकेश टटवाल भी मौके पर पहुंच गए तो लोगों ने उनसे कहा कि दो बार नपती करके मकान को तोड़ा जा चुका है। अब फिर से निगम छज्जा तोडऩे के लिए मुनादी करा रहा है। आर्थिक संकट से परेशान हो चुके हैं। आप तो क्षेत्र के लोगों को सल्फास की गोली बांट दो। पूरा इलाका खाली हो जाएगा फिर सुनसान इलाके में स्मार्ट सडक़ को बनवा लेना। इस पर महापौर ने सभी को आश्वासन दिया कि बगैर उनसे बात किए कोई काम नहीं किया जाएगा।

शुक्रवार को जीवाजीगंज ब्लाक कांग्रेस के अध्यक्ष अभिषेक लाला, कांग्रेस पार्षद सपना सांखला, माया त्रिवेदी, इमरान खान, पार्षद पति मुजीब सुपारी वाला, पार्षद पति जाहिद खान, छोटेलाल मंडलोई, पार्षद पति परमानंद मालवीय ने नगर निगम कमिश्नर को चौड़ीकरण को लेकर फिर से मकानों के छज्जा तोडऩे की मुनादी को लेकर मिलने का समय लिया था। पार्षद और स्थानीय लोग नेता प्रतिपक्ष रवि राय के चेंबर में निगम अफसरों का ज्ञापन के लिए इंतजार कर रहे थे।

उनके आने पर सभी निगम गेट पर पहुंचे और नारेबाजी करने लगे। इसी दौरान महापौर मुकेश टटवाल भी आए गए। वे जाने लगे तो पार्षद सपना सांखला ने उन्हें रोक लिया और लोगों की समस्या सुनने का आग्रह किया। इस पर महापौर टटवाल प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस नेताओं और लोगों के बीच पहुंच गए।

यहां नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने लोगों की परेशानी बताई और आग्रह किया कि निगम अफसरों को मुनादी करने से रोकें। साथ ही जिन लोगों ने अपनी जमीन दी है उनका धन्यवाद करके उनकी परेशानी को सुलझाने में मदद करें। इस दौरान लोगों का आक्रोश बढ़ गया।

उन्होंने महापौर टटवाल से कहा कि स्थानीय लोग पिछले छह माह से परेशान हैं। दुकानें टूट गई। काम धंधा चौपट हो गया है। एक व्यक्ति की तनाव के चलते मौत हो चुकी है। अब फिर से छज्जा तोडऩे की मुनादी की जा रही है। अफसर धमका रहे हैं कि अगर खुद छज्जा नहीं तोड़ा तो पोकलेन लाकर वे छज्जा तोड़ देंगे। इससे सभी तनाव में है। आप तो सभी को सल्फास की गोली बांट दो। ताकि पूरा इलाका ही खाली हो जाए। फिर आप सुनसान मोहल्ले में स्मार्ट सडक़ बना लेना।

इस पर महापौर ने सभी को आश्वासन दिया कि उनकी बात सुनने के बाद और उनसे सलाह मशविरा करने के बाद आगे की कार्रवाई जाएगी। उन्हें लोगों ने ज्ञापन भी दिया।

इस दौरान महिला कांग्रेस अध्यक्ष गीता यादव, देवेंद्र पाटनी, शहर कांग्रेस महामंत्री पन्ना परमार, बंबा खाना एसोसिएशन के अध्यक्ष वरूण शर्मा, प्रकाश सोलंकी, असरार मामू, अशोक छाबड़ा, सुरेश अजमेर, प्रदीप अजमेर, ऋतुल अजमेर, सचिन लोहारिया, अमन गंगवाल, सुनील जैन, गोपाल सोनी, संदीप सोनी, राहुल सोनी, छगन मालवीय, श्यान उपाध्याय, यशवंत ठाकुर, पीयूष जैन, उषा सोड़ानी आदि मौजूद थे।

चौड़ीकरण लोगों के लिए कर रहें, उनके लिए नियम भी बदलना पड़े तो बदलें

निगम में लोगों के साथ महापौर मुकेश टटवाल से नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि हम स्मार्ट सडक़ लोगों के लिए बना रहे हैं। आपकों वहां रहने वाले लोगों का धन्यवाद करना चाहिए। क्योंकि सभी लोगों ने अपने पुरखों की जमीन सडक़ बनाने के लिए दी है। अब मुनादी के भय से परेशान लोगों की मदद करना चाहिए।

महापौर ने उन्हें डिजायन और नियमों का हवाला दिया तो नेता प्रतिपक्ष रवि राय ने कहा कि हम सडक़ लोगों के लिए बना रहे हैं। अब परेशान लोगों की समस्या के निराकरण के लिए अगर डिजायन और नियम भी बदलना पड़े तो बदलना चाहिए। ताकि लोगों का नुकसान न हो। उनके मन में दर्द न रहे। राय ने कहा कि पूरी कांग्रेस स्थानीय लोगों के साथ है और उनकी समस्या के लिए हर समय खड़ी रहेगी। जरूरत पड़ी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

अगर लोगों की समस्या हल नहीं की तो उग्र आंदोलन होगा

जीवाजीगंज के ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अभिषेक लाला ने कहा कि अगर इलाके के लोगों को निगम के अफसरों ने धमकाने का प्रयास किया और उनकी परेशानी में मदद नहीं की तो कांग्रेस उग्र आंदोलन करेगी। तीसरी बार मकान तोडऩे की कोशिश की जा रही है। लोग समझ ही नहीं पा रहे हैं कि उनके मकान का क्या होगा। बार -बार तोडऩे की धमकी दी जा रही है। एक बार निशान लगा लिए गए थे अब फिर से छज्जे क्यों तोड़े जा रहे हैं।

अगर निगम ने हठधर्मिता नहीं छोड़ी तो चूडी भेंट करेंगे

कांग्रेस पार्षद माया त्रिवेदी और सपना सांखला ने इस दौरान कहा कि अगर निगम के अफसरों और भाजपा बोर्ड ने अपनी हठधर्मिता को नहीं छोड़ा तो वे आंदोलन करने के साथ ही चूडिय़ां भी भेंट करेंगी। इस दौरान निगम अफसर और भाजपा बोर्ड मुर्दाबाद के नारे भी कांग्रेस नेताओं और स्थानीय लोगों ने लगाए।

कांग्रेस के कुछ साथियों को बात समझ नहीं आती है। वे बार-बार इश्यू को बनाते हैं। पोल गाडऩे के लिए निगम के कर्मचारी कह रहे हैं। स्थानीय लोगों को उन्हें स्थान बताना है। किसी को भी परेशानी नहीं आने दी जाएगी। निगम के कर्मचारी और अफसर अपना काम कर रहे हैं।

-मुकेश टटवाल, महापौर उज्जैन नगर निगम

Next Post

बीएड का परिणाम बिगडऩे से विक्रम के कई छात्र परेशान

Fri Sep 29 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। विक्रम विश्वविद्यालय द्वारा दो दिन पहले घोषित हुए बीएड चौथे सेमेस्टर के परिणाम में फिर गड़बडी होने के कारण परिक्षेत्र के सैंकड़ो छात्र-छात्राएं परेशान हो रहे। शुक्रवार को देवास जिले से आए एक छात्र ने यहां तक कहा कि विश्वविद्यालय की गलती के कारण मेरा भविष्य दांव पर […]

Breaking News