4 माह से फरार राशन माफिया के मकान पर चली जेसीबी

उज्जैन, अग्निपथ। 440 क्विंटल शासकीय चावल की हेराफेरी में फरार चल रहे माफिया का सोमवार को प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में नगर निगम की गैंग ने मकान तोडऩे की कार्रवाई की। हेराफेरी में शामिल माफिया के साथी के उद्योगपुरी स्थित गोदाम को भी जमींदोज किया गया है।

सीएसपी पल्लवी शुक्ला ने बताया कि अगस्त माह में खाद्य विभाग ने उद्योगपुरी मक्सीरोड से शासकीय चावल से भरा ट्रक पकड़ा था। मामले में पंवासा पुलिस ने 6 लोगों पर मामला दर्ज किया था। जिसमें राशन माफिया मनोज जैन निवासी वृदांवनधाम कालोनी फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी नहीं होने पर नगर निगम से संपत्ति की जानकारी जुटाई गई।

मकान का निर्माण गलत तरीके से होना सामने आने पर निगम ने नोटिस जारी कर जवाब मांगा था। जवाब नहीं मिलने पर सोमवार को एसडीएम संजीव साहू की उपस्थिति में पुलिस बल और नगर निगम गैंग वृदांवनधाम पहुंची। मकान पर ताला लगा हुआ था। निगम गैंग ने सबसे पहले बाउंड्रीवॉल गिराकर मकान का ताला तोड़ा। उसके बाद सामान बाहर निकालकर गलत तरीके से किया गया निर्माण तोडऩे की कार्रवाई की। इस दौरान परिवार का कोई सदस्य सामने नहीं आया। पुलिस ने सामान ट्रैक्टर ट्राली में भरवाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया है।

जमानत पर रिहा साथी का तोड़ा गोदाम

पंवासा टीआई मुनेन्द्र गौतम के अनुसार शासकीय चावल की हेराफेरी में राशन माफिया मनोज जैन के साथी अनिल जैन के खिलाफ भी प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। उसके मक्सीरोड उद्योगपुरी स्थित गोदाम से चावल को ठिकाने लगाया जाता था। माफियागिरी में शामिल आनंद के गोदाम को दोपहर में जमींदोज करने की कार्रवाई की गई। वर्तमान में आनंद जमानत पर रिहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

महाकाल मंदिर: ऑनलाइन दर्शन अनुमति फुल होने पर राजस्थान के श्रद्धालुओं ने किया हंगामा

Mon Jan 25 , 2021
उज्जैन। श्री महाकालेश्वर मंदिर में रविवार से 3 दिन तक भीड़ का उमडऩा जारी है। सोमवार को ऑनलाइन अनुमति नहीं मिलने पर कुछ श्रद्धालुओं ने प्रशासनिक कार्यालय पर जाकर हंगामा करने का प्रयास किया। जिसको कार्यालय अधीक्षक और आईटी शाखा प्रभारी ने समझा बुझाकर रवाना किया। महाकालेश्वर मंदिर में रविवार […]