सिविल सर्जन का औचक निरीक्षण, देर से आने वाले डॉक्टर्स की ली क्लास

15 से अधिक डॉक्टर्स बिना रजिस्टर में अटेंडेंस लगाए अनुपस्थित मिले

उज्जैन, अग्निपथ। जिला अस्पताल में शुक्रवार को सिविल सर्जन द्वारा औचक निरीक्षण किया। जिसमें कर्मचारियों के अटेंडेंस रजिस्टर चेक किए गए। इसमें ढेरों डॉक्टर्स को समय पर नहीं आना पाया गया। सिविल सर्जन ने डॉक्टर्स और नर्सिंग स्टाफ की क्लास ली और उनको समय पर आने के लिये ताकीद किया।

जिला अस्पताल में डॉक्टर्स सहित कर्मचारियों के काम का समय सुबह 9 से दोपहर 2 बजे और शाम को 5 से 6 बजे तक का है। लेकिन कई डॉक्टर्स और कर्मचारी इसका बेजा फायदा उठाते हुए अपने मनमाफिक समय पर ड्यूटी पर पहुंचते हैं, जिसके चलते मरीजों को उनका लंबा इंतजार करना पड़ता है। जानकारी लगने पर सिविल सर्जन डॉ. पीएन वर्मा सुबह 8.30 बजे से 11 बजे तक आरएमओ आफिस में बैठे और यहां का रजिस्टर चैक किया।

जिसमें कई डॉक्टर्स ने रजिस्टर में अपने हस्ताक्षर नहीं किये थे। इनमें आर्थोपेडिक, सर्जरी, मानसिक विभाग के डॉक्टर्स शामिल थे। इनके साथ ही बांडेड एमबीबीएस डॉक्टर्स भी अनुपस्थित मिले। ओपीडी में जाकर भी उन्होंने निरीक्षण किया।

पहले हस्ताक्षर करें, अन्यथा एक दिन का वेतन कटेगा

इसके बाद देर से ड्यूटी पर आये डॉक्टर्स की सिविल सर्जन ने क्लास ली और उनको निर्देश दिये कि आगे से जो डॉक्टर्स या अन्य कर्मचारी ड्यूटी से नदारत पाया जाता है उनकी एक दिन की सैलरी काटी जाएगी। साथ ही अटेंडेंस लगाने के बाद कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद रहे इसका भी विशेष ध्यान देने की बात सिविल सर्जन ने अपने निरीक्षण के दौरान कही।

कई डॉक्टर्स ने कहा- राउंड पर चले गये थे

कई डॉक्टर्स ने रजिस्टर पर हस्ताक्षर नहंी करने का कारण गिनाते हुए कहा कि वे आते से ही वार्ड में राउंड करने चले गये थे। लेकिन सिविल सर्जन ने कहा कि पहले रजिस्टर पर हस्ताक्षर करें, उसके बाद वार्ड में राउंड पर जायें। ज्ञात रहे कि सार्थक एप से अटेंडेंस लेने के निर्देश आने के बाद कई डॉक्टर्स इसका विरोध कर रहे हैं। ऐसे में सार्थक एप से अटेंडेंस की उपयोगिता सिविल सर्जन के आज के दौरे में देखने को मिली। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि सार्थक एप से यदि अटेंडेंस शुरू हो जायेगी तो काफी हद तक अपनी ड्यूटी पर डॉक्टर्स सहित नर्सिंग स्टाफ का देर से आने का सिलसिला खत्म हो जायेगा।

Next Post

दीपावली के पहले 139 श्रमिकों को 3 करोड़ साढ़े 22 लाख का भुगतान

Fri Nov 10 , 2023
उज्जैन, अग्निपथ। विनोद मिल मजदूरों को सुप्रीम कोर्ट के आदेश अनुसार भुगतान की बीसवी सूची 10 नवम्बर को जारी हुई जिसमें कुल 139 श्रमिकों जिसमें 9 जीवित एवं 130 मृतक श्रमिको को कुल 3,22,52,168 रूपये का भुगतान किया गया। अधिवक्ता धीरजसिंह पंवार के साथ उज्जैन मिल मजदुर संघ के अध्यक्ष […]