दबने से एक मजदूर की हुई मौत, दूसरे की हालत गंभीर
उज्जैन, अग्निपथ। फ्रीगंज पाकिजा शोरूम के सामने बुधवार दोपहर निर्माणाधीन धर्मशाला की दीवार गिर गई। हादसे के बाद दो मजदूर नीचे दब गये थे। दोनों को बाहर निकाला गया। लेकिन एक की मौत हो चुकी थी। दूसरा गंभीर घायल है। जिसका उपचार चल रहा है। हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस मौके पर आ गई थी।
पाकिजा शोरूम के सामने सिंधी समाज की धर्मशाला का निर्माण कार्य चल रहा है। दोपहर में निर्माण कार्य के दौरान एक हिस्से की दीवार एकाएक भर भराकर गिर गई। नीचे काम कर रहे 2 मजदूर दब गये। दीवार गिरने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और नीचे दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल उपचार के लिये भेजा गया।
जहां परीक्षण के बाद डॉक्टरों ने एक को मृत घोषित कर दिया और दूसरे की हालत गंभीर होना बताई। घायल को उपचार के लिये निजी अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की जानकारी लगने पर माधवनगर टीआई योगेंद्र यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गये थे। उन्होने बताया कि दीवार के नीचे दबे मजदूरों के नाम जितेन्द्र सरोज (40) और शंकर इंगले (45) निवासी मालवा मिल के पास इंदौर होना सामने आये हंै।
घायल जितेन्द्र की मौत होना सामने आया है। दोनों के परिजनों को सूचना पहुंचा दी गई थी। दोपहर 3 बजे के लगभग दोनों के परिजन उज्जैन पहुंच गये थे। जिन्होने बताया कि दोनों कुछ दिनों से उज्जैन में रहकर काम कर रहे थे। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया है। जिसे इंदौर ले जाया गया है। टीआई यादव के अनुसार घायल की हालत में सुधार आने पर बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू की जाएगी। वहीं दोनों के परिजनों को शासन की ओर से आर्थिक सहायता के लिये प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा।