सीएम ने की भगवान महाकाल व बोरेश्वर महादेव की पूजा-अर्चना

उज्जैन, अग्निपथ। महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपत्नीक श्री महाकालेश्वर मंदिर में भगवान महाकाल के दर्शन किए। उन्होंने भगवान महादेव के संसार में एकमात्र दक्षिण मुखी ज्योतिर्लिंग की पूजा अर्चना कर प्रदेश के विकास और प्रदेशवासियों के सुख समृद्धि की मंगल कामना की।

शुक्रवार दोपहर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सपत्नीक बडऩगर के ग्राम दंगवाड़ा में चंबल तट पर स्थित श्री बोरेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर पूजा अर्चना की और जन जन के कल्याण की मंगल कामना की। उन्होंने महाशिवरात्रि पर्व की सभी प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने मंदिर दर्शन कर यहां आयोजित विशाल भंडारे का अवलोकन किया। मंदिर में जलाभिषेक व पूजन पंडित जगदीश शर्मा, विक्रम सिंह, विश्वेंद्र ठक्कर ने विधि विधान से संपन्न कराया।मंदिर में पूजन के अवसर पर बडऩगर विधायक जितेंद्र पंडय़ा, जिला पंचायत सदस्य रामप्रसाद पंडय़ा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहें।

उमा भारती ने किये महाकाल दर्शन

शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर बाबा महाकाल के दर्शन करने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती महाकाल मंदिर पहुंची। उन्होंने कहा कि आज महाकाल से मांगा है कि जैसे राम मंदिर को बनते हुए देखा, वैसे नमामि गंगे को पूरा होते हुए देखना चाहती हूं। साथ ही कहा कि मैं बीजेपी की राजनीति कभी नहीं छोडूंगी।

हेमा मालिनी ने भी किये भगवान महाकाल के दर्शन

फिल्म अभिनेत्री हेमा मालिनी ने भी शुक्रवार को महाशिवरात्रि पर भगवान महाकाल के दर्शन किये। एक्टर हेमा मालिनी ने कहा- भगवान महाकाल के दर्शनों के लिए दूर-दूर से भक्त आते हैं, लेकिन वीआईपी और पंडे, पुजारी शिवलिंग के सामने खड़े हो जाते है। इससे भक्तों को दर्शन नहीं मिल पाते हैं। उन्होंने कहा कि हमको सब ने डरा दिया था कि महाकाल की नगरी में रात मत रुकना, लेकिन मैने कहा कि मैं नही मानती ऐसे बातें और उज्जैन में रुकी।

Next Post

महाकाल मंदिर: वीआईपी को गर्भगृह, आम आदमी को बेरिकेड्स

Fri Mar 8 , 2024
टनल ने दर्शन आसान, लेकिन महाकाल दूर, 200 फीट दूरी से एक क्षण ही निहार सके बाबा को उज्जैन, अग्निपथ। इस बार महाशिवरात्रि पर भगवान महाकाल सिर्फ वीआईपी से घिरे रहे। दिनभर गर्भगृह में सोलाधारी वीआईपी अभिषेक-पूजन करते रहे। दूसरी ओर टनल से आये आम दर्शनार्थी 200 फीट दूरी से […]