मवेशी को बचाने में पलटा वाहन, दो महिलाओं की मौत

मौत

बद्रीनाथ दर्शन कर लौट रहे लोग हुए सुबह पनवाड़ी के पास हुए हादसे का शिकार

शाजापुर, अग्निपथ। बद्रीनाथ दर्शन कर वापस लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन एक मवेशी को बचाने के चक्कर में पलट गया। इस हादसे में वाहन में सवार सभी 11 लोग घायल हो गए। उपचार के दौरान दो महिलाओं की मौत हो गई तथा एक घायल को गंभीर अवस्था में प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रैफर किया गया। शेष का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।

घटना शनिवार सुबह की है जब ग्राम सिंनंगुण जिला खरगोन के रहने वाले लोग तूफान वाहन से बद्रीनाथ दर्शन के लिए गए थे। ये लोग दर्शन कर अपने घर लौट रहे थे। जब ये लोग शनिवार सुबह जिला मुख्यालय से करीब 15 किमी दूर ग्राम पनवाड़ी पहुंचे तभी एक सांड वाहन के सामने आ गया, जिसे बचाने के चक्कर में चालक वाहन से संतुलन खो बैठा और वाहन नीचे खंती में उतर गया।

जिससे उसमें सवार 6 महिलाएं और 5 पुरुष घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर 108 और डायल हंड्रेड पहुंची और सभी घायल को जिला अस्पताल उपचार के लिए लाया गया। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कमलाबाई (50) और जानकीबाई (40) की मौत हो गई। वहीं एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद इंदौर रेफर किया गया है। शेष सभी का उपचार जिला अस्पताल में किया जा रहा है। पुलिस ने मामला जांच में लिया है।

कार और ट्रक की भिड़ंत एक की मौके पर मौत, 6 गंभीर रूप से घायल

धार, अग्निपथ। जिले के कानवन थाना क्षेत्र के ग्राम मनासा के पास शनिवार शाम को कार और ट्रक की जोरदार भिड़ंत हो गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही हो गई। वहीं 6 लोग गंभीर बताए गए हैं। सभी को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार यह लोग रतलाम जिले के रहने वाले, जो शिफ्ट डिजायर गाड़ी (एमपी 43 झेडई 9779) में सवार होकर इंदौर से रतलाम की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक से भिड़ंत हो गई। घटना में कार सवार 1 की मौके पर मौत हो गई। वहीं कार सवार 6 लोग गंभीर घायल बताए गए हैं। सूचना मिलने पर एंबुलेंस से सभी को धार जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है।

घायलों में 1 महिला, 2 युवती, 1 बच्ची और 2 पुरुष भी शामिल हैं। कानवन थाने के टीआई रामसिंह राठौर ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को ग्रामीणों की मदद से जिला चिकित्सालय धार रेफर किया है। यह लोग इंदौर की ओर से रतलाम की ओर जा रहे थे। हादसे में 1 की व्यक्ति की मौत हुई है। अभी मृतक और घायलों के नाम पते मालूम नहीं पड़े हैं। ये सब रतलाम जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

Next Post

उज्जैन की युवा चित्रकार चित्रांगदा ने ग्रीस में लगाई पेंटिंग प्रदर्शनी

Sun May 19 , 2024
एथेन्स शहर की एंडी आर्ट गेलरी में दर्शकों में आकर्षण का केन्द्र बनी चित्रांगदा उज्जैन, अग्निपथ। शहर की रहने वाली चित्रकार चित्रांगदा जैन की पेंटिंग्स को यूरोप के एथेन्स शहर में काफी पसंद किया जा रहा है। यहां पर उन्होंने एंडी आर्ट गैलरी में १४ से २० मई तक स्पंदन […]