अल्पसंख्यक वर्ग के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए की जा रही झूठी शिकायत

जानकारी लगने पर मतदाता पहुंचे निर्वाचन कार्यालय

उज्जैन,अग्निपथ। नगर निगम चुनाव को लेकर मतदाता सूची में आपत्तियों का निराकरण किए जाने के बीच ऐसी जानकारी भी सामने आ रही है कि कई वार्डों में भारतीय जनता पार्टी के नेता फर्जी शिकायत कर अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाताओं को सूची से हटाने के कार्य में लगे हुए हैं। ऐसा ही एक मामला वार्ड 34 का सामने आया है, जिसमें भाजपा के नेता ने झूठी शिकायत कर दी।

जिसमें कहा गया था कि डेढ़ सौ के लगभग मतदाता वार्ड में नहीं रहते हैं। जबकि हकीकत यह है कि संबधित मतदाताओं का निवास वार्ड में ही मौजूद है। जानकारी मिलने पर उन्होंने निर्वाचन विभाग जाकर वार्ड मे अपनी मौजूदगी के दस्तावेज सौंपे।

नगर निगम चुनाव को लेकर मतदाता सूची में आपत्ति निराकरण करने का कार्य पूरे शहर में निर्वाचन विभाग की टीम के द्वारा किया जा रहा है। इसी कड़ी में नगर निगम वार्ड के दावेदारों द्वारा भ्रामक जानकारी निर्वाचन विभाग को दिए जाने की आपत्ति दर्ज किए जाने की शिकायतें सामने आने लगी है।

कई जगह अल्पसंख्यक वर्ग के मतदाता भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में मत नहीं डालते हैं, इसी को ध्यान में रखते कुछ नेता उनके नाम फर्जी आधार पर शिकायत दर्ज कराकर मतदाता सूची से हटाने के कार्य में लगे हैं। ऐसी एक शिकायत जयसिंहपुरा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 की सामने आई है। जिसमे मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी ने अपनी शिकायत दर्ज कराई है कि वार्ड के कई अनुभाग में मतदाता सूची के नंबर सहित आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि मतदाता सूची से डेढ़ सौ के लगभग मतदाता यहां निवास नहीं करते। लिहाजा उनके नाम सूची से हटाए जाएं।

इस सूची में अधिकांश मतदाता अल्पसंख्यक वर्ग के हंै। हालांकि उन्होंने नीलगंगा थाने के आसपास के पुलिसकर्मियों के क्वार्टर की भी शिकायत की है। जिसमें पुलिसकर्मियों के स्थानांतरण होने की शिकायत की है। मंडल अध्यक्ष विजय चौधरी की शिकायत पर निर्वाचन विभाग की टीम शुक्रवार को वार्ड में पहुंची। और बिना भौतिक सत्यापन किए पंचनामा बनाकर नाम हटाए जाने की निर्वाचन अधिकारी को अनुशंसा कर दी। जब इस बात की जानकारी वार्ड के कांग्रेस के दावेदार अशोक माली को लगी तो उन्होंने तत्काल संबंधित मतदाताओं से संपर्क कर उन्हें बताया कि तुम्हारे नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

वार्ड के मतदाता सनोवर अली को जानकारी मिलने पर तत्काल निर्वाचन विभाग पहुंचे और अपने परिवार और आसपास के परिचितों के वोटर आईडी सहित अन्य दस्तावेज के साथ उन्होंने आपत्ति में कहा कि मतदाता सूची के बाद भाग क्रमांक एक में मतदाता क्रमांक 324, 323, 326, 340, 317, 318 आदि मतदाताओं के नाम कराए जाने के लिए झूठा आवेदन दिया है।

उन्होंने कहा है कि संबंधित वार्ड के बीएलओ द्वारा केवल आवेदन के आधार पर बिना भौतिक सत्यापन किए इन नामों को सूची से हटाने के लिए अनुशंसा कर दी। निर्वाचन अधिकारी को दिए गए आवेदन में संबंधित मतदाताओं के घर पर जाकर भौतिक सत्यापन किए जाने की मांग की है, ताकि उनके नाम मतदाता सूची से हटाए जाने के लिए की गई कार्रवाई को स्थगित कर पुन मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े जाने की कार्रवाई की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव ने राम मंदिर निर्माण के लिए दिए 11 लाख, दिया बड़ा बयान

Sat Feb 20 , 2021
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के संरक्षक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की बहू अपर्णा यादव अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण के लिए 11 लाख रुपये दान किया है। अपर्णा यादव ने कहा कि, “मैंने ये स्वेच्छा से किया है। मैं अपने परिवार के लिए जिम्मेदारी नहीं […]