कोर्ट रोड पर गड्ढे में फंस गई कार कांग्रेसियों ने निकाली और धरने पर बैठे

मौके पर पहुंचे इंजीनियर, तत्काल रिपेयर करवाने का दिया भरोसा

धार, अग्निपथ। जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग पर जहां दिन में चार बार कलेक्टर व आला अधिकारी निकलते हैं उसे मार्ग पर दो सप्ताह से अधिक वक्त से गड्ढे हो जाने के बाद भी नगर पालिका के जिम्मेदार सुधार नहीं करवा सके। गड्ढे में एक परिवार की कार फंसी तो कांग्रेसियों ने उसे निकालन में मदद की और फिर वहीं सडक़ सुधार की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए। इसके बाद इंजीनियर मौके पर पहुंचे और गड्ढे को दुरुस्त करवाने का आश्वासन दिया।

दरअसल मामला धार नगर के कलेक्टोरेट रोड पर काशीबाग के मुख्य गेट का है यहां सडक़ के बीचों बीच कई दिनों से गड्ढा हो गया लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारियों ने इसे दुरुस्त करवाने की पहल नहीं की। इस बीच सोमवार को कांग्रेसी नेता जसबीरसिंह छाबड़ा और युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष रोहित कामदार अपने साथियों के साथ कलेक्टोरेट जा रहे थे।

उस वक्त उन्हें काशीबाग गेट पर एक कार सडक़ के गड्ढे में फंसी नजर आई। पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार में से परिवारजनों को उतारा और फिर काफी जद्दोजहद के बाद कार को उठा कर गड्ढे से बाहर निकाला। आसपास के व्यापारियों से कांग्रेसी नेताओ ने बात की तो पता चला के नपा की लापरवाही से गड्ढा कई दिनों से सडक़ के बीचों बीच होने के बाद भी उसे सुधारा नहीं गया। ये सब सुनकर कांग्रेसी गुस्सा हुए और तत्काल गड्ढे के पास धरना देकर बैठ गए।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष जसबीर सिंह छाबड़ा ने मौके पर से मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को फोन किया लेकिन सीएमओ ने ट्रेनिंग पर होने का कह कर फोन काट दिया फिर बाद में नपा इंजीनियर राकेश बेनल ने पहुंच कर कांग्रेस नेताओं की बात सुनी और समस्या का तत्काल निराकरण करवाने का आश्वासन दिया और कांग्रेसी नेताओ का धरना समाप्त करवाया।

धरने के दौरान कांग्रेसियों ने गड्ढे पर भाजपा का झंडा लगा दिया। उनका कहना था की ये सब भाजपा समर्थित नपाध्यक्ष के कार्यकाल में हो रहा है। उक्त गड्ढा नपाध्यक्ष के वार्ड-2 के अंतर्गत आता है ऐसे में अगर अध्यक्ष के वार्ड के ये हालत है तो बाकी शहर की क्या बात करें। धरने के दौरान कांग्रेस नेता जसबीरसिंह छाबड़ा, युवा कांग्रेस अध्यक्ष रोहित कामदार, मनोजसिंह चौहान, बंटी डोड, युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष अभिनव बिंजवा, अरविंद नायक रवि योगी, शैलेंद्र भाई, हर्ष सिंधिया, शुभम सादलपुर सहित अनेक कांग्रेसी कार्यकर्ता और आम लोग उपस्थित थे।

Next Post

पूर्व विधायक के फार्म हाउस से चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

Mon Sep 23 , 2024
बडऩगर, अग्निपथ। ग्राम जलोदिया में पूर्व विधायक के फार्म हाउस पर चोरी करने वाला आरोपी पुलिस के हाथ लगा है। चोर को रतलाम से गिरफ्तार किया गया है। जिससे चोरी गया माल भी पुलिस ने बरामद कर लिया है। आरोपी पर पूर्व में अन्य अपराध के दो प्रकरण दर्ज है। […]