बाइक स्टंट के बाद कॉलेज में अब भाजपा का सदस्यता अभियान

एनएसयूआई और कांग्रेस ने पुतला जलाकर जताया विरोध

धार, अग्निपथ। पिछले कुछ दिनों से धार पीएमश्री कॉलेज सुर्खियों में है। जिम्मेदार अधिकारियों की लापरवाही के चलते शिक्षा का मंदिर राजनीतिक के साथ स्टंट का अड्डा बना हुआ है। कॉलेज में जनभागीदारी समिति अध्यक्ष का जन्मदिन मनाने की आड़ में छात्रों को भाजपा की सदस्यता दिलवाने का मामला सामने आया है।

फोटो वायरल होने के बाद एनएसयूआइ ने सोमवार को आंदोलन करते हुए प्राचार्य कॉलेज प्रबंधन का पुतला जलाया प्राचार्य के निलंबन की मांग की है। बता दें कि शनिवार को ही कॉलेज परिसर में बाइक स्टंटबाजी के वीडियो भी वायरल हुए थे। दरअसल भाजपा इन दिनों सदस्यता अभियान चला रही है। अभियान में जनप्रतिनिधि से लेकर पदाधिकारी को सदस्य बनाने का लक्ष्य दिया है।

इस कारण भाजपा नेता अपनी साख बचाने लोगों को ढूंढक़र सदस्यता दिलवा रहे हैं। ऐसे में पीजी कॉलेज जनभागीदारी समिति अध्यक्ष दीपक बिडक़र ने जन्मदिन कार्यक्रम की आड़ में कॉलेज छात्रों को भाजपा की सदस्यता दिलवा दी। जानकारी के अनुसार शनिवार को जनभागीदारी समिति अध्यक्ष बिडक़र का जन्मदिन था। इसको लेकर कॉलेज परिसर में एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें अध्यक्ष बिडकर के अलावा भी प्रदेश के भाजयुमो नेता शामिल होने के लिए पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान मौजूद छात्रों को भाजपा के सदस्यता अभियान की जानकारी देते हुए मोबाइल से ऑनलाइन सदस्यता दिलवा दी गई। इस कार्यक्रम के फोटो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

काग्रेस ने कहा कॉलेज का नाम बदल दो

कांग्रेस ने कॉलेज का नाम बदलकर इसे भाजपा का कार्यालय रखने की बात कही। पढ़ाई की जगह पार्टी का सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। प्राचार्य स्वयं मंच साझा कर रहे हैं, ऐसे शिक्षकों पर कार्रवाई होना चाहिए। कुछ इस तरह के आरोप जिपं सदस्य शंकर सिंह चौहान, मुकामसिंह अलावा सहित कांग्रेस नेताओं ने प्रदर्शन के दौरान लगाए हैं। सोमवार करीब एक घंटे तक कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई के पदाधिकारियों ने पीजी कॉलेज के मुख्य गेट पर प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।

कांग्रेस नेताओं ने कॉलेज में प्रवेश करने की कोशिश भी की, पर पुलिस ने बैरिकेडिंग कर विद्यार्थियों की पढ़ाई का हवाला देकर नेताओं को गेट पर ही रोक दिया। दरअसल चार दिन पहले पीजी कॉलेज में एक कार्यक्रम आयोजित हुआ था। इसके कुछ फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुए हैं, फोटो में भाजपा नेता भी नजर आ रहे हैं। कांग्रेस नेताओं ने कॉलेज में भाजपा का सदस्यता अभियान चलाए जाने के आरोप लगाए हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने कॉलेज प्राचार्य से चर्चा करने की भी कोशिश की, पर पुलिस अधिकारियों ने उन्हें बैरिकेड के पास ही सभी रोक दिया। नेताओं ने कहा कि भाजपा सदस्यता अभियान चला रही, दो दिन पहले बाइक कंपनी वाले ग्राउंड में विद्यार्थियों को स्टंट सिखा रहे थे। प्राचार्य इनको रोक नहीं पा रहे हैं, ऐसे में प्राचार्य को हटा दिया जाना चाहिए।

ऐसे में लंबी समझाइश के बाद कांग्रेस नेताओं ने एसडीएम रोशनी पाटीदार को कलेक्टर के नाम का एक ज्ञापन सौंपा। एसडीएम रोशनी पाटीदार व सीएसपी रविन्द्र वास्कले ने कांग्रेस का प्रदर्शन समाप्त करवाया व आश्वासन दिया कि उनका ज्ञापन लिखित में एक सप्ताह में कलेक्टर को प्रेषित किया जाएगा। एनएसयूआई ने एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। जिसमें प्राचार्य के खिलाफ कार्रवाई की मांग रखी।

प्राचार्य को हटाएं

जिले का लीड कॉलेज होने के साथ यहां प्रभारी प्राचार्य के पास दायित्व है। वो कॉलेज को सही से चला नहीं पा रहे हैं। इसलिए आए दिन घटनाएं घटित हमारी मांग है कि कॉलेज प्राचार्य को हटाया जाए। इसके लिए एनएसयूआइ और युवा कांग्रेस द्वारा प्रदर्शन किया जाएगा।
अभिनव बिंजवा शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष

Next Post

कोर्ट रोड पर गड्ढे में फंस गई कार कांग्रेसियों ने निकाली और धरने पर बैठे

Mon Sep 23 , 2024
मौके पर पहुंचे इंजीनियर, तत्काल रिपेयर करवाने का दिया भरोसा धार, अग्निपथ। जिला मुख्यालय के मुख्य मार्ग पर जहां दिन में चार बार कलेक्टर व आला अधिकारी निकलते हैं उसे मार्ग पर दो सप्ताह से अधिक वक्त से गड्ढे हो जाने के बाद भी नगर पालिका के जिम्मेदार सुधार नहीं […]