महाकाल मंदिर में विवाद की वजह दर्शनार्थियों से वसूली

प्रोटोकाल कर्मी के खिलाफ कर्मचारियों ने भी मोर्चा खोला,जांच कमेटी ने कलेक्टर को रिपोर्ट सौंपी

उज्जैन,अग्निपथ। महाकाल मंदिर के सहायक प्रोटोकाल कर्मचारी व महिला सफाइकर्मी के विवाद ने तूल पकड़ लिया है। गुरुवार को महिला ने फिर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत की। कर्मचारियों ने भी उसके पक्ष में प्रशासक को आवेदन दिया है। मामले में गठित समिति ने शाम को कलेक्टर को जांच रिपोर्ट सौंप दी। विवाद दर्शनार्थियों से कमाई की बात पर हो रहा है।

कहारवाड़ी निवासी महाकाल मंदिर की सफाईकर्मी ने सहायक प्रोटोकाल कर्मचारी मनीष शर्मा के खिलाफ बुधवार को कलेक्टर आशीषसिंह से शिकायत की थी। आरोप लगाया था कि शर्मा उस पर बुरी नीयत रखते हैं। शर्मा द्वारा विवाद की वजह दर्शनार्थियों से कमाई रोकना बताने पर मंदिर समिति कर्मचारी भी उनके खिलाफ एकजुट हो गए। उन्होंने गुरुवार को मंदिर प्रशासक के नाम आवेदन देकर शर्मा पर गंभीर आरोप लगाए और मंदिर की छवि धुमिल करने के आरोप लगाया है।

विवाद बढ़ते देख कलेक्टर आशीष सिंह ने शिक्षा विभाग की आभा शर्मा सहित दो अधिकारियों को जांच सौंपी, जिन्होंने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने के बाद शाम को जांच रिपोर्ट कलेक्टर को सौंप दी। याद रहे शर्मा कृषि उपज मंडी निरीक्षक हैं। प्रशासन ने उन्हें महाकाल मंदिर में सहायक प्रोटोकाल कर्मचारी बनाया है।

थाने पहुंची महिला कर्मचारी

महिला सफाईकर्मी ने महाकाल थाने में की शिकायत में बताया कि शर्मा उन्हें आंख मारते हैं, मोबाइल नंबर मांगते हैं,जान-बूझकर टकराते और बाहर मिलने के लिए दबाव बनाते हैं। उसने शर्मा पर उसके घर के चक्कर लगाने और बात नहीं मानने पर बच्चे को उठाकर ले जाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है। माना जा रहा है कि शर्मा पर मामले में कार्रवाई हो सकती है।

कमाई पर रोक तो विवाद शुरू

महाकाल में प्रोटोकाल से संबंधित कर्मचारियों का कहना है कि सफाईकर्मी महिलाएं व कुछ अन्य लोग अपना काम छोड़ बाहरी दर्शनार्थियों से वसूली में लगे रहते है। वह नियम विरुद्ध तरीके से दर्शन करवाने के लिए मोटी रकम लेते है। सख्ती करने के कारण शर्मा पर आरोप लगा रहे है। जांच में घटना का सच जो भी सामने आए, लेकिन विवाद की असल वजह अवैध वसूली ही है।

इन्होंने कहा

शिकायत मिलने पर दो सदस्यीय जांच कमेटी बनाई है। समिति ने जांच प्रतिवेदन सौंप दिया है। – आशीषसिंह, कलेक्टर

Next Post

जिला प्रोटोकॉल ने धांधली खत्म करने के लिए नगाड़ा गेट पर की नई व्यवस्था

Thu Feb 25 , 2021
नंदीहाल में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रोटोकॉल कर्मचारी किया नियुक्त, अब चुनिंदा ही कर पा रहे प्रवेश उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार से नंदीहाल में प्रवेश करने वाले श्रद्धालुओं के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है। नंदीहाल में केवल वही व्यक्ति प्रवेश कर सकेंगे जिनके पास […]