वार्ड-4 में बवाल, विधायक के साथियों का रहवासियों के साथ विवाद

निर्माण कार्य का भूमिपूजन कर लौट रहे थे, रहवासियों ने सफाई नहीं होने की शिकायत की तो फूटा गुस्सा

उज्जैन, अग्निपथ। शुक्रवार को वार्ड-4 में विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जब रहवासियों ने विधायक से पार्षद के द्वारा सफाई सहित अन्य विकास कार्य नहीं करने की शिकायत की। विवाद इतना बढ़ गया कि विधायक के साथियों ने दो तीन कालोनियों के रहवासियों के साथ अभद्रता करते हुए जोरदार रिएक्शन दिया। जानकारी में आया है कि रहवासी शिकायत लेकर थाने भी पहुंचे थे।

वार्ड-4 में तिरूपति धाम, एमपी नगर, रतन गोल्ड, पदमावति कालोनी आती हैं। यहां की वार्ड पार्षद बबीता गौड़ हैं। शुक्रवार को यहां पर विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा अपने साथियों के साथ 40 लाख रुपये के निर्माण कार्य का भूमिपूजन करने आये थे। मंच पर विधायक कालूहेड़ा का भाषण चल रहा था कि इस दौरान उक्त कॉलोनियों के रहवासी बड़ी संख्या में वहां पर पहुंच गये। उन्होंने वार्ड में सफाई सहित अन्य परेशानियों से विधायक को अवगत कराया।

विधायक ने मंच से ही रहवासियों को डांट पिला दी। मामला यहीं पर ठंडा नहीं पड़ा। विधायक जब अपने चौपहिया वाहन से वापस जा रहे थे तो कालोनी वासियों ने उनको रास्ते में रोक लिया। वे अपनी मूलभूत समस्या विधायक के सामने रखना चाहते थे। लेकिन वह अपने वाहन से नहीं उतरे। इसी बीच विधायक और कालोनीवासियों के बीच समस्याओं को लेकर विवाद गहरा गया।

दोनों ओर से जोरदार बहस हुई। इसी बीच विधायक के साथ मौजूद साथियों ने रहवासियों के साथ जोरदार विवाद किया। जानकारी में तो यह भी आया है कि उनके साथ मारपीट तक की गई। रहवासी अपने साथ हुई घटना की शिकायत करने थाने तक पहुंच गये थे।

51 सफाई कर्मचारी, कई रहते हैं अनुपस्थित

जानकारी में आया है कि इतने बड़े वार्ड में नगरनिगम ने 51 सफाई कर्मचारियों को सफाई व्यवस्था देखने के लिये नियुक्त किया हुआ है। बताया जाता है कि इनमें से कई सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचते हैं। इसी की शिकायत लेकर रहवासी विधायक के पास पहुंचे थे। बताया जाता है कि सफाई कर्मचारियों के कम होने के पीछे भी एक वजह है। गौरतलब रहे कि इसी वार्ड का एक सफाई कर्मचारी लोकायुक्त पुलिस से ट्रेप हो चुका है।

Next Post

सिंहस्थ की भूमि से निगम ने हटाया अवैध निर्माण एवं अतिक्रमण

Fri Oct 18 , 2024
नोटिस जारी होने के बाद भी नहीं हटा रहे थे अतिक्रमण उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ 2028 की व्यवस्थाओं को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार नगर निगम द्वारा सिंहस्थ हेतु आरक्षित भूमि से अतिक्रमण एवं अवैध निर्माण को हटाए जाने की कार्रवाई आरंभ की गई। शुक्रवार को निगम अमले द्वारा […]

Breaking News