पशु चिकित्सक का नहीं हुआ था अपहरण, फुटेज देख कबूला खुद गया था

झूठी शिकायत पर दो दिन परेशान हुई पुलिस

उज्जैन,अग्निपथ। दो दिन पहले लापता हुआ पशु चिकित्सक लौट आया। खास बात यह है कि डाक्टर ने पहले अपहरण की कहानी गढऩे का प्रयास किया था। लेकिन देवासगेट पुलिस ने शनिवार को उसे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज का हवाला दिया तो उसने खुद जाने की बात कबूल ली।

मक्सीरोड स्थित लोटस ग्रीन कॉलोनी निवासी विकास शर्मा (35) माकड़ोन में पशु चिकित्सक है। 24 फरवरी की रात पिता रामकृष्ण ने उसे देवासगेट पर माकड़ोन जाने के लिए छोड़ा था। माकड़ोन नहीं पहुंचने का पता चलने पर खोजबीन शुरू की। नहीं मिलने पर थाने में शिकायत दर्ज कर अपहरण की आशंका जाहिर की।

गंभीर मामला देख पुलिस ने देवासगेट के फुटेज खंगाले तो विकास मैजिक से जाता दिखा। मोबाइल लोकेशन भी नानाखेड़ा तक की मिली, लेकिन विकास का पता नहीं चला। इसी बीच शुक्रवार रात विकास ने पिता को कॉल कर उसे शनि मंदिर के पास से ले जाने का कहा।

गुमराह करने का प्रयास

विकास के घर लौटने का पता चलने पर टीआई पृथ्वीसिंह खलाटे ने पिता-पुत्र को शनिवार को थाने बुलाया। यहां विकास ने पहले अपहरण होना बताने का प्रयास किया, लेकिन टीआई खलाटे ने उसे सीसीटीवी फुटेज व सीडीआर के रिकार्ड का हवाला दिया। नतीजतन उसने कबूला कि मानसिक रूप से परेशान होने पर भोपाल फिर ग्वालियर गया और पुन: भोपाल होते हुए लौट आया।

दूसरे मोबाइल से कॉल कर रुपए मांगे

पिता ने पुलिस को बताया कि विकास काफी समय से डिपे्रशन में है। उसका इलाज भी चल रहा है। संभवत: बीमारी के चलते चला गया और झूठ बोला। वहीं यह भी पता चला है कि विकास ने ईश्वर नाम की अन्य सीम से पत्नी को फोन कर अपहरण होना दर्शाते हुए रुपए मांगे थे, जिससे परिजन डर गए थे। यह भी बताया जाता है कि विकास कई-कई दिन ड्यूटी से नदारत रहता है।

इनका कहना है..

पशुचिकित्सक ने बयान में पहले अपहरण कर ले जाना बताया। लेकिन सीसीटीवी फुटेज का हवाला देने पर उसने डिप्रेशन के कारण ग्वालियर तक खुद जाना कबूल किया। -पृथ्वीसिंह खलाटे, टीआई देवासगेट थाना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

नशे के सौदागर को 15 साल कैद,दो लाख रुपए जुर्माना

Sat Feb 27 , 2021
उज्जैन,अग्निपथ। विशेष न्यायालय ने भारी मात्रा में जब्त नशीले पदार्थ व हथियारों के जखीरे के साथ पकड़ाए तस्कर के प्रकरण में शनिवार को फैसला सुनाया। कोर्ट ने खाराकुआं थाने में दर्ज 7 साल पहले के इस केस में तल्ख टिप्पणी कर दोषी को 15 साल कारावास के साथ भारी अर्थदंड […]