नागदा की शराब कंपनी में लूट का मास्टर माइंड जेल प्रहरियों से मिलीभगत कर फरार

दो जेल प्रहरी खाचरौद के अस्पताल में उसे इलाज के लिए लेकर गए थे, दोनों संस्पेंड

उज्जैन, अग्निपथ। नागदा की शराब कंपनी में 25 दिसंबर 2024 को दिन दहाड़े 18 लाख रुपए की लूट का मुख्य आरोपी मंगलवार को खाचरौद उपजेल से फरार हो गया। उसने बीमारी का बहाना बनाकर अस्पताल जाने का जेल प्रशासन से बोला था। कैदी को दो जेल प्रहरी खाचरौद के अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

दोनों प्रहरी अस्पताल से उसे किसी और जगह ले गए जहां से वह उन्हें चकमा देकर फरार हो गया।पुलिस अधीक्षक ने दोनों प्रहरियों को सस्पेंड कर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार नागदा में शराब ठेकेदार के यहां लूट करने वाला मुख्य आरोपी रोहित शर्मा निवासी ग्वालियर खाचरौद उपजेल में बंद था। जेल प्रहरी राजेश श्रीवास्तव और नितिन दलोदिया उसे बीमार होने पर इलाज कराने खाचरौद के अस्पताल लेकर गए थे। इलाज कराने के बाद प्रहरी उसे किसी और स्थान पर भी ले गए जो नियम विरूद्ध है। इसी दौरान कैदी रोहित शर्मा फश्रार हो गया। मामले में जेलर एसएस राणावत ने खाचरौद थाना में एफआईआर दर्ज कराई है।

प्रहरियों पर कार्रवाई का यह भी एक कारण है कि दोनों ने रोहित के फरार होने की जानकारी अपने अधिकारियों को तत्काल नहीं देते हुए काफी समय बाद दी। प्रहरी पूछताछ में थाना प्रभारी और जेल को गुमराह करते रहे। दोनों प्रहरियों की संदिग्ध भूमिका को देखते हुएसीसीटीवी खंगाले गए। जिसमें आरोपी अस्पताल में प्रहरी से बातचीत करते हुए नजर आया।

रोहित को भगाने में प्रहरियों की मिली भगत को देखते हुए एसपी प्रदीप शर्मा ने दोनों को निलंबित कर एफआईआर दर्ज करने के निर्देश दिए हैं। दोनों जेल प्रहरी और फरार कैदी के खिलाफँ बीएनएस की धारा 262,264 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया है।

Next Post

सिंहस्थ-2028 को लेकर तेलीवाड़ा से अंकपात मार्ग 24 मीटर होगा चौड़ा

Wed Jan 29 , 2025
कलेक्टर ने किया पेशवाई मार्गों का निरीक्षण, अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार करने को कहा उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ 2028 दृष्टिगत कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने बुधवार सुबह पेशवाई मार्गो का निरीक्षण किया। सभी 13 अखाड़ों की पेशवाई के रूट्स का निरीक्षण कर कलेक्टर श्री सिंह ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा […]

Breaking News