अमृत स्नान के दिन 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं की व्यवस्था का प्लॉन तैयार किया जाए

अपर मुख्य सचिव ने महाकाल मंदिर, पेशवाई मार्ग सहित पूरे मेला क्षेत्र का किया भ्रमण

उज्जैन, अग्निपथ। शहर में सिंहस्थ कार्यों का निरीक्षण करने के लिये सोमवार को आये मुख्य सचिव डॉ राजौरा ने सर्वप्रथम महाकाल मंदिर पहुंचकर सपत्नीक बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया।अ अपर मुख्य सचिव डॉ राजौरा ने महाकाल दर्शन के उपरांत महाकाल मन्दिर मे चल रहे निर्माण कार्यो का निरीक्षण किया और महाकाल आने वाले श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था का अवलोकन किया।

अपर मुख्य सचिव डॉ राजौरा ने कहा कि सिंहस्थ- 2028 के सुचारू रूप से संचालन के लिए जरूरी है कि विशेष स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं की व्यवस्थाएं उचित तरीके से हो जाएं। इसके लिए ही वास्तविक प्लान बनाया जाए। शेष दिनों में श्रद्धालुओं की संख्या उतनी अधिक नहीं रहती है, जितनी विशेष पर्व या अमृत स्नान के दिन रहेगी। इसलिए हमें अधिकतम 1 दिन में 3 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं के लिए व्यवस्था के उपाय करना चाहिए।

लगभग 3 करोड़ श्रद्धालु अमृत स्नान के दिन शिप्रा स्नान के लिए आएंगे और उनमें से जितने भी श्रद्धालु महाकाल मंदिर दर्शन के लिए आएं उनके लिए व्यवस्था सुचारू हो, इसके लिए व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जानी चाहिए। महाकाल दर्शन उपरांत डॉ राजौरा ने महाकाल मंदिर में चल रहे निर्माण कार्यों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महाकाल लोक का भी पैदल भ्रमण कर व्यवस्थाओं को देखा और सिंहस्थ में होने वाली व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

महाराजवाड़ा हेरिटेज-पार्किंग व्यवस्था देखी

इसके साथ उन्होंने महाराज बाड़ा में बन रहे पर्यटन विभाग के होटल को भी देखा। डॉ राजोरा इसके बाद शंकराचार्य चौराहे पहुंचे। यहां से उन्होंने सिंहस्थ 2028 के दौरान बनने वाले अलग-अलग सडक़ मार्ग का निरीक्षण किया। किस प्रकार सडक़ों के माध्यम से यातायात की व्यवस्था संभाली जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए पार्किंग की व्यवस्था, उनको लाने ले जाने की कार्ययोजना को भी देखा।

सवारी मार्ग-नीलगंगा पेशवाई मार्ग का निरीक्षण किया

इसी के साथ रामघाट पर श्रद्धालुओं के स्नान की व्यवस्थाओं का भी अवलोकन किया। इसके उपरांत अपर मुख्य सचिव ने पेशवाई मार्ग का भी निरीक्षण किया और चौड़ीकरण के लिए भी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा अनुसार मार्गो के चौड़ीकरण और पेशवाई मार्ग के साथ सवारी मार्ग को व्यवस्थित करने के प्लान को भी देखा। उज्जैन विकास प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग और सेतु ब्रिज कारपोरेशन के अधिकारियों द्वारा निर्माण कार्यों और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी भी दी गई।

लगभग 30 किलोमीटर के मार्ग का भ्रमण करने के बाद अपर मुख्य सचिव डॉ. राजौरा ने नीलगंगा स्थित पेशवाई मार्ग का भी अवलोकन किया।

इस अवसर पर संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, आईजी उमेश जोगा, डीआईजी ्रनवनीत भसीन, कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार शर्मा सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बैठक ली

अपर मुख्य सचिव डॉ राजेश राजौरा की अध्यक्षता में आयोजित समन्वय बैठक कलेक्टर कार्यालय के सभा कक्ष मे आयोजित हुई। बैठक में उज्जैन संभाग के विधायक और जन प्रतिनिधियों के साथ उज्जैन के संभाग आयुक्त संजय गुप्ता, उज्जैन कलेक्टर नीरज कुमार सिंह, अन्य जिलों के कलेक्टर, उज्जैन नगर निगम सभापति श्रीमती कलावती यादव, महापौर र्मुकेश टटवाल, विधायक अनिल जैन कालूहेड़ा और अन्य विधायक भी उपस्थित रहे।

Next Post

कलेक्टर ने दिए अवैध कॉलोनी की जांच के आदेश

Mon Feb 3 , 2025
अग्निपथ की पहल रंग लाई सीहोर, अग्निपथ। जिले में सरकारी भूमि पर कब्जा कर अवैध कॉलोनी काटने वालों पर कार्रवाई होगी। कलेक्टर ने अवैध कॉलोनियों की जांच के आदेश दिए हैं। अवैध कॉलोनियों और उनमें प्लाट लेने वालों की समस्याओं को दैनिक अग्निपथ ने कई मौके पर प्रमुख रूप से […]