35 करोड़ से अधिक रूपए की लागत से धन्वंतरी महाविद्यालय परिसर में छात्रावास और ऑडिटोरियम का होगा निर्माण
उज्जैन, अग्निपथ। सिंहस्थ-2028 को लेकर मंगलवार को कलेक्टर कलेक्टर नीरज कुमार सिंह ने आगर रोड स्थित निर्माणाधीन मेडिसिटी और अंकपात मार्ग स्थित शासकीय धन्वंतरी आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय का निरीक्षण किया। यहां पर मौजूद इंजीनियरों ने उनको जानकारी दी कि आगामी जुलाई माह तक स्लेब डाले जाने का कार्य पूर्ण हो जाएगा। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्धारित समयावधि में निर्माण कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जयति सिंह, सीएमएचओ डॉ अशोक कुमार पटेल, निर्माणकर्ता एजेंसी के इंजीनियर एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद थे। इसी तरह शासकीय धन्वतंरी आयुर्वेद चिकित्सा महाविद्यालय के निरीक्षण के दौरान उनको जानकारी दी गई कि महाविद्यालय परिसर में लगभग 27 करोड़ रूपए की लागत से नवीन गर्ल्स और बॉयस होस्टल तथा 8.39 करोड़ रूपए की लागत से नवीन ऑडीटोरियम का निर्माण आगामी सिंहस्थ-2028 महापर्व के अंतर्गत किया जाएगा। इनके निर्माण से महाविद्यालयीन उपयोग के साथ-साथ आगामी सिंहस्थ महापर्व में ड्यूटीरत शासकीय कर्मचारियोंं को ठहराने की भी सुविधा मिल सकेगी।
जानकारी दी गई कि उक्त निर्माण कार्यो की प्रशासकीय स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। बालक और बालिका छात्रावास भवन का निर्माण जी+3 मंजिल किया जाएगा तथा दोनों की क्षमता 250+250 सीटर होगी। इसके अलावा ओडिटोरियम का निर्माण 1220 स्के. मीटर में किया जाएगा तथा इसकी क्षमता 500 सीटर होगी। टेंडर प्रक्रिया के पूर्ण होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा। परिसर में स्थित पुरानी बिल्डिंग को डिस्मेंटल कर नवीन भवनों का निर्माण किया जाएगा।
कलेक्टर श्री सिंह के द्वारा महाविद्यालय परिसर में औषधि विद्यावन, स्मार्ट क्लासेस, सेन्ट्रल लाईब्रेरी का अवलोकन किया गया। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्रीमती जयति सिंह, महाविद्यालय के प्रभारी प्राचार्य डॉ ओ.पी व्यास, डॉ अजय र्कीती जैन,डॉ योगेश वाणे, डॉ शिरोमणि मिश्रा, डॉ रामतीर्थ शर्मा मौजूद थे।
पीएम रूम बाउंड्रीवॉल से सटाकर बनाया जायेगा
मेडिसिटी के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर को सीएमएचओ डॉ. पटेल ने बताया कि पीएम रूम को जिला चिकित्सालय की पुरानी जगह पर होने के कारण अंदर प्रवेश करने में परेशानी आती है। इससे मृतक और मरीज के परिजन परेशान होते रहते हैं, क्योंकि वहां पर डिस्मेंटल का कार्य जारी है, जिसके चलते वहां तक प्रवेश करना कठिन होता है। लिहाजा कलेक्टर ने नया पीएम रूम जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन के निवास स्थान पर बनाने के निर्देश प्रदान किये। ज्ञात रहे कि यहां से बाउंड्रीवाल को तोडक़र रास्ता बना दिया जायेगा, जिसके चलते चरक अस्पताल से यहां की दूरी काफी कम हो जायेगी।