केवल प्रभारी अधिकारियों को ही दिये गये पास, आने जाने में पुलिसकर्मी करते रहे परेशान
उज्जैन, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में इस बार अनोखा काम प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। महाकालेश्वर मंदिर के 300 से अधिक कर्मचारियों के ड्यूटी पास नहीं बनाये गये। जिसके चलते मंदिर के बाहर ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को काफी परेशानी उठाना पड़ी। बिना ड्यूटी पास के पुलिसकर्मियों ने उनको ड्यूटी स्थल तक पहुंचने में काफी परेशान किया।
महाकालेश्वर मंदिर में जब भी कोई त्योहार आता है, इसके पूर्व कर्मचारियों को एक दो दिन पूर्व ड्यूटी पास दे दिया जाता है। ड्यूटी पास देना इसलिये आवश्यक है, ताकि बाहर से आने वाले पुलिसकर्मी उनकी पहचान कर उनको कर्तव्य स्थल तक जाने दें। लेकिन इस बार प्रशासनिक अधिकारियों ने अनोखा काम किया। जानकारी में आया है कि मंदिर के कर्मचारियों के ड्यूटी पास तक नहीं बनाये गये।
ऐसे में मंदिर के अंदर तो ठीक, बाहर अपनी ड्यूटी देने वाले कर्मचारियों को ड्यूटी स्थल तक पहुंचने में काफी जद्दोजहद करना पड़ी। नृसिंह घाट, हरसिद्धि मंदिर, चारधाम सहित अन्य जगहों पर दान और लड्डू प्रसाद काउंटर के कर्मचारियों का पुलिस ने नाक में दम कर दिया। उनको बेरिकेड्स से इधर से उधर नहीं जाने दिया गया। किसी तरह से कर्मचारियों ने लंबा घूमकर और पुलिसकर्मियों से हाथपैर जोडक़र अपना काम पूरा किया।
केवल प्रभारी अधिकारियों के पास बनाये
जानकारी में आया है कि इस बार केवल प्रभारी अधिकारियों को मंदिर में ड्यूटी देने के लिये ड्यूटी पास बनाये गये। बाकी सभी कर्मचारियों को भगवान भरोसे छोड़ दिया गया। बड़े ही आश्चर्य की बात है कि केवल इस बार ही ऐसा अनोखा काम किया गया है। साथ ही रात और दिन में ड्यूटी कर्मचारियों के पास ना तो नाश्ता गया और ना ही उनको चाय मिल सकी।