उज्जैन, अग्निपथ। शनिवार सुबह शिप्रा नदी के रामघाट पर अखिल भारतीय ब्राह्मण समाज और रामघाट तीर्थ पुरोहित सभा के पंडे-पुजारियों ने मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की महामंत्री रेखा जैन के खिलाफ प्रदर्शन किया और उनका पुतला जलाया। इस दौरान कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से मांग की गई कि रेखा जैन को पार्टी से निष्कासित किया जाए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए उन्हें सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की।
कांग्रेस नेत्री रेखा विनोद जैन की सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर विवाद गहरा गया है। पिछले रविवार को उन्होंने भगवान परशुराम और हिंदुत्व से जुड़ी एक टिप्पणी साझा की, जिसके बाद ब्राह्मण समाज ने कड़ा विरोध जताया। उज्जैन में दो दिन पहले महाकाल मंदिर के पुजारियों और अखिल भारतीय पुजारी महासंघ ने कांग्रेस नेत्री के बयान की निंदा करते हुए देशभर में उनके पुतले जलाने का आह्वान किया था।
दरअसल, रेखा जैन ने फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की थी, जिसमें लिखा था— औरंगजेब ने अपने भाई का सिर काटकर अपने पिता को भेंट किया था, जबकि परशुराम ने अपनी माता का सिर काटकर खुद को भेंट किया था। इसके साथ ही उन्होंने भगवान परशुराम को जातिगत घृणा का प्रतीक बताया था।
कांग्रेस के नोटिस पर रेखा बोलीं- जवाब दे दिया
पोस्ट पर विवाद बढऩे के बाद कांग्रेस नेतृत्व ने रेखा जैन को फटकार लगाई, जिसके बाद उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि यह पोस्ट गलती से साझा हो गई थी। उन्होंने माफी मांगते हुए तुरंत इसे डिलीट भी कर दिया। हालांकि, विरोध अब भी जारी है और कांग्रेस पर कार्रवाई का दबाव बढ़ रहा है।
बता दें प्रदेश महिला कांग्रेस महामंत्री के इस पोस्ट को जिला कांग्रेस ने गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया था और तुरंत जवाब मांगा। इसके बाद रेखा विनोद जैन ने माफी मांग ली। रेखा जैन ने बताया कि रविवार को नगर अध्यक्ष सौरभ शर्मा ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था, जिसका उन्होंने अपनी गलती स्वीकारते हुए जवाब दे दिया है। इसके बाद पार्टी और नगर अध्यक्ष ने उन्हें माफ कर दिया।