नए सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने कामकाज संभाला

महाकालेश्वर सहित प्रमुख मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद लिया

उज्जैन, अग्निपथ। नवागत सिंहस्थ मेला अधिकारी आशीष सिंह ने सोमवार को कामकाज संभाल लिया है। इसके पहले उन्होंने देवदर्शन किये।
सिंह सोमवार शाम उज्जैन पहुंचे। उज्जैन पहुंचकर उन्होंने सर्वप्रथम चिंतामण गणेश मंदिर में दर्शन किए। इसके बाद वे कालभैरव मंदिर, हरसिद्धि मंदिर और इसके बाद महाकाल मंदिर पहुंचकर पूजन किया और संध्या आरती में सम्मिलित हुए। देवदर्शन के पश्चात सिंह ने सिंहस्थ मेला कार्यालय पहुंचकर मेला अधिकारी का प्रभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह को शासन के नवीन आदेशानुसार सिंहस्थ मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। प्रभार ग्रहण कर सिंह ने कहा कि सिंहस्थ 2028 में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए जा रहे विकास कार्यों को समयावधि और गुणवत्ता पूर्वक सम्पन्न कराना पहली प्राथमिकता है। इसके पश्चात मेला अधिकारी सिंह ने संभागायुक्त संजय गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद उन्होंने सिंहस्थ अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली।

महाकाल मंदिर में विकास कार्यों के लिए 2.10 लाख रुपए भेंट

उज्जैन, अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में मुंबई से आए दशनार्थी प्रतीक शाह ने सोमवार को 2 लाख 10 हजार रुपए का नकद दान दिया। यह राशि मंदिर में चल रहे विकास और निर्माण कार्यों के लिए दी गई है। दानदाता ने मंदिर के पुरोहित विजय उपाध्याय और रुद्रांश उपाध्याय को यह राशि सौंपी।

मंदिर प्रबंध समिति की ओर से वीरेंद्र शर्मा ने दानदाता को भगवान महाकाल का प्रसाद और रसीद दी। इन दिनों बड़ी संख्या में भक्त महाकाल के दर्शन के लिए आ रहे हैं। यहां मंदिर की विस्तारीकरण योजना के तहत दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए कई विकास कार्य चल रहे हैं। इन कार्यों को दानदाताओं से प्राप्त राशि से पूरा किया जाता है। मंदिर में प्रतिदिन देशभर से आने वाले भक्त नगद राशि और सोने-चांदी के आभूषण अर्पित करते हैं।

Next Post

हनुमान जयंती : टेबल-कुर्सी पर 10 हजार लोगों को एकसाथ कराया भोजन, वर्ल्ड रिकार्ड बना

Mon Apr 14 , 2025
उज्जैन, अग्निपथ। शहर के आंबापुरा स्थित प्राचीन जयवीर हनुमान मंदिर में हनुमान जयंती पर विशेष भंडारे का आयोजन किया गया। इस भंडारे में 10 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने एक साथ प्रसादी ग्रहण की। इस आयोजन को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। 13 अप्रैल को हनुमान […]