महाकाल क्षेत्र की होटल में पार्ट टाइम काम करने वाले छात्र ने फांसी लगाई

मौत

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहा था

उज्जैन, अग्निपथ। कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित भाटगली में किराए के कमरे में रहने वाले महिदपुर के एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वह उज्जैन में रहकर पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था और खर्च चलाने के लिए महाकाल क्षेत्र की एक होटल में काम करता था।

टीआई तोमर ने बताया कैलाश पिता बालूसिंह उम्र 27 साल मूल रूप से महिदपुर के बडागांव का रहने वाला था। वह भाटगली में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई के साथ महाकाल क्षेत्र की शिवकृपा होटल में काम करता था। उसके साथ विजय नामक एक और युवक कमरे पर साथ रहता था। विजय ने पुलिस को बताया कि कैलाश तीन-चार दिन से काम पर नहीं जा रहा था।

सोमवार रात को काम से छुट़्टी होने के बाद जब वह रात में 2 बजे भाटगली में अपने कमरे पर आया तो कैलाश ने दरवाजा नहीं खोला। इस पर वह दूसरे दोस्त के घर जाकर सोया। सुबह वह वापस काम पर चला गया। इसके बाद दोपहर में जब वापस आया तब भी कैलाश ने अंदर से कुंडी लगाकर दरवाजा बंद कर रखा था। उसने खटखटाया तब भी दरवाजा नहीं खोला। इस पर विजय ने खिडकी के अंदर से झांककर देखा तो उसेक पैर हवा में झुलते हुए दिखाई दिए।

इस पर विजय ने आसपास के लोगों को बताया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और दरवाजा खोलकर देखा तो कैलाश फंदे पर लटका मिला। उसे अस्पताल पहुंचाया गया जहां डॉक्टर्स ने उसकी मृत्यु की पुष्टि की। इसके बाद उसके मोबाइल नंबर के आधार पर परिजन को घटना की सूचना दी गई।

परिजनों ने बताया कि दो साल कैलाश उज्जैन में रहकर पढ़ाई के साथ पुलिस भर्ती की तैयारी कर रहा था। वह पिछले 6 महीने से घर नहीं आया था। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया। मर्ग कायम कर मामला जांच में लिया है।

Next Post

नहीं सुधर रही महाकाल मंदिर कर्मचारियों के वेतन की व्यवस्था

Wed Apr 16 , 2025
अभी तक नहीं मिला है मार्च का वेतन, फरवरी का वेतन डेढ़ माह बाद मिला था उज्जैन अग्निपथ। श्री महाकालेश्वर मंदिर में पदस्थ कर्मचारियों की वेतन व्यवस्था सुधर नहीं रही है। हर माह उन्हें एक-डेढ़ महीने देरी से वेतन मिल रहा है, इस कारण कर्मचारी गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ […]