धार, अग्निपथ। जिले की सरदारपुर तहसील के ग्राम राजगढ़ की कृषि उपज मंडी में व्यापारी के गोदाम में अचानक आग लग गई। किसानों ने धुआं उठता देखा तो तुरंत व्यापारी के माध्यम से फायर वाहन को सूचना दी। गोदाम में हम्मालों की बाइक रखी थी, जो भी आग की चपेट में आ गई। बाइकों में पेट्रोल भरा हुआ था, जिसके कारण ही आग बढ गई थी। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका हैं, इधर आग लगने का कारण अभी तक स्पष्ट नहीं हुआ है।
राजगढ़ कृषि उपज मंडी प्रांगण में सुबह करीब साढ़े दस बजे राजेंद्र करनावद के टीन शेड के गोदाम में अचानक आग गई। इसमें गोदाम में रखी आठ बाइक भी जलकर खाक हो गई। व्यापारी के सोयाबीन के साथ ही बारदान भी जल गए। सूचना मिलते ही मंडी प्रशासक एवं एसडीएम आशा परमार, थाना प्रभारी दीपकसिंह चौहान, नपं अध्यक्ष प्रतिनिधि महेश जायसवाल भी मौके पर पहुंचे।
आग की सूचना मिलते ही व्यापारियों और हम्मालों ने ताबड़तोड़ पानी की व्यवस्था एवं नगर परिषद के फायर बिग्रेड के माध्यम से दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग बुझाने में तीन फायर बिग्रेड, तीन प्रायवेट टेंकर एवं नपं के पानी के टेंकरों का उपयोग किया गया।
क्यों लगी आग?
हालांकि आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो सका है लेकिन लोगों द्वारा अनुमान लगाया जा रहा है कि गोदाम के अंदर हम्मालों की बाइक रखी थी। जो गर्मी के दबाव के कारण बाइक की पेट्रोल टंकी में आग लगी हैं। वहीं पुलिस का प्रारंभिक तौर पर मानना है कि आग लगने का कारण बिजली तारों में शॉर्ट सर्किट हो सकता है।
इनका कहना
आग लगने की सूचना मिलते ही नपं की टीम के साथ मौके पर मोर्चा संभालते हुए आग बुझाने लग गए थे। आगजनी से साढ़े तीन हजार बारदान, करीब 100 क्विंटल सोयाबीन एवं हम्मालों की आठ बाइक जली हैं।
– दीपक जैन, नपं उपाध्यक्ष