तत्कालीन विवाद होने पर चार बदमाशों ने चाकू मारे और फरार हो गए थे
उज्जैन, अग्निपथ। देवासगेट थाना क्षेत्र में बस स्टैंड के पास बुधवार रात 12.30 बजे चार बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से वार कर प्राणघातक हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी भाग निकले और घायल सडक़ पर पड़ा रहा। पुलिस आई और उसे अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने घायल के परिजनों को सुबह 5 बजे घटना की सूचना मिली वे रातभर से उसे खोज रहे थे। आरोपी अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं। यहां तक की पुलिस आरोपियों की पहचान तक नहीं कर पाई है।
बता दें कि देसाई नगर का रहने वाला विदित पिता मनीष अखंड उम्र 25 साल बुधवार रात चाय पीने के लिए देवासगेट आया था। रात 12.30 बजे चाय की दुकान पर चार युवकों से उसका विवाद हो गया। बदमाशों ने उसे पीटा और चाकू से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इसके बाद वे भाग निकले। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक काफी देर तक घायल अवस्था में विदित सडक़ पर पड़ा रहा।
सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और उसे अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि घायल युवक खुद नशा किया हुआ था और मारपीट होने के बाद वह बेहोंश हो गया। सुबह 4 बजे उसे होंश आया तो उसने अपने परिजनों का पता और मोबाइल नंबर दिया। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दी।
परिजनों के अनुसार वह रात 10 बजे घर से निकला था और पूरी रात नहीं आया। उसका मोबाइल भी नहीं लग रहा था। पुलिस अब तक चाकू मारने वाले आरोपियों का पता नहीं लगा पाई है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आरोपी चार थे लेकिन वे अब तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आए हैं।
आए दिन होती हैं यहां वारदातें
थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर चाकूबाजी की यह वारदात हुई। घटना के काफी देर बाद पुलिस पहुंची। रात के समय शहर का सबसे प्रमुख चौराहा होने के बावजूद यहां आए दिन वारदातें होती है। इसके बावजूद पुलिस की चौकसी दिखाई नहीं देती। पिछले दिनों इसी चौराहे पर आरटीओ आरक्षक एवं उसके दोस्त पर प्राणघातक हमला हो चुका है।