महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार की सुबह हुआ हादसा
उज्जैन, अग्निपथ। महिदपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से गिरकर यात्री के दोनों पैर कट गए थे। उपचार के दौरान महिदपुर के सिविल अस्पताल में उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम कर लिया है। उसके परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
पुलिस ने बताया अजय पिता रामकुमार उम्र 32 वर्ष निवासी लखनऊ कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा कर रहा था। महिदपुर रोड स्टेशन प्रबंधक सुनील कुमार सेन नेेेेेे बताया कि शुक्रवार सुबह नईदिल्ली से आकर इंदौर की ओर जाने वाली इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन के रवाना होने के बाद पीछे से आ रही कामाख्या एक्सप्रेस को सिग्रल नहीं मिल रहा था। इस कारण कामाख्या एक्सप्रेस ट्रेन को महिदपुर रोड रेलवे स्टेशन पर रोका गया था।
इस दौरान ट्रेन में सवार होकर गेट पर खड़ा यात्री अजय ट्रेन से नीचे उतरने लगा था तभी अचानक ट्रेन चल दी और वह ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में अजय के दोनों पैर कट गए थे। जीआरपी ने गंभीर घायल हालत में उसे सिविल अस्पताल महिदपुर में भर्ती कराया। उसके पास मिले डॉक्युमेंट और मोबाइल के आधार पर उसके परिजनों की जानकारी मिली।
मृत्यु से पहले वह बातचीत भी कर रहा था उसी ने उसके परिजनों के बारे में बताया और खुद का परिचय भी दिया, लेकिन खून ज्यादा बह जाने के कारण कुछ ही देर में वह गश खाकर बेहोंश हो गया था। चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया लेकिन उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शव बरामद कर मर्ग कायम किया और पोस्टमॉर्टम के लिए रखवाया। पुलिस ने बताया रात तक उसके परिजन पहुंच जाएंगे।
इंदौर रोड पर पंथपिपलई के पास पुलिया से गिरी बाइक, एक की मौत दूसरा घायल
उज्जैन, अग्निपथ। नानाखेड़ा पुलिस ने बताया इंदौर के ग्राम ढाबली मांगलिया निवासी अमृतलाल पिता कन्हैयालाल और उसका दोस्त अनिल गुरुवार को महाकाल दर्शन के लिए उज्जैन आए थे। शाम को वे दोनों बाइक से वापस इंदौर लौट रहे थे। पंथपिपलई के समीप पुलिया से गुजरते वक्त बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गईं।
हादसे में घटनास्थल पर ही अमृतलाल की मौत हो गई। उसका साथी भी घायल हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और दोनों को एंबुलेंस के माध्यम से अस्पताल पहुंचाया। यहां अमृतलाल को डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। उसेक साथी अनिल को उपचार के लिए भर्ती किया गया है।