कहा झूठ बोलकर शादी कराई, अब छोटे भाई को पागलखाने भिजवाकर संपत्ति हड़पना चाहते हैं बघेल
धार, अग्निपथ। जिले के कुक्षी क्षेत्र से विधायक सुरेंद्र (हनी) सिंह बघेल के छोटे भाई की पत्नी ने उन पर झूठ बोलकर शादी करवाने और पति को गायब करने का आरोप लगाया है। वे उन्हें पागल घोषित कर हमारी संपत्ति हड़पना चाहते हैं। 12 फरवरी 2025 को जेठ सुरेंद्र सिंह बघेल ने अपने कुछ लोगों को भेजकर पति को बुलाया। अब वे यह नहीं बता रहे कि मेरे पति कहां पर हैं।
ये आरोप हनी बघेल के छोटे भाई देवेंद्र सिंह बघेल की पत्नी काम्या सिंह ने वीडियो जारी कर उन पर लगाए हैं। काम्या का ने कहा कि जेठ ने उन पर खर्चे बढऩे से पति के डिप्रेशन में जाने का आरोप लगाया है। उनका इलाज चल रहा है, जो गलत है। उन्होंने मेरे हसबैंड को गायब कर दिया है।
मेरे जेठ हर जगह मनमानी करते हैं
काम्या ने कहा कि मैं आपके सामने एक ऑडियो दे रही हूं, जिसमें वे खुद एक्सेप्ट कर रहे हैं कि सारा खर्चा बहुत समय से मेरे फादर उठा रहे हैं। मेरे जेठ हर जगह अपनी मनमानी करते हैं। जब उनका मन होता है, वे खर्चा देते हैं, जब उनका मन होता है खर्चा-पानी बंद कर देते हैं।
बताया था बिजनेसमैन हैं, पता चला कुछ नहीं करते हैं।
काम्या ने बताया कि मेरी शादी 8 साल पहले सुरेंद्र सिंह बघेल के छोटे भाई देवेंद्र से हुई थी। शादी के समय मुझे बताया गया था कि वह बिजनेसमैन हैं। शादी के बाद पता चला कि वह कुछ नहीं करते, नशे के आदी हैं। आठ साल से कोई काम नहीं करते हैं। हमारा घर सिर्फ पैतृक संपत्ति से जो रेंट आता है, उससे चलता है।
मेरे पति ने मुझ पर हजारों बार हाथ उठाया
काम्या के मुताबिक- मेरे जेठ का कहना है कि जब वो आएंगे तो वो ये सब चीजें देखेंगे, पर क्या जब तक वो (पति) नहीं आएंगे तो क्या हम लोगों को इस तरह परेशान किया जाएगा। मेरे पति जहां भी हैं तो क्या वो सामने आकर यह नहीं देखेंगे कि उनके परिवार को किस तरह परेशान किया जा रहा है।
मेरे पति ने मुझ पर हजारों बार हाथ उठाया है। मेरे जेठ उन्हें सिखाते हैं कि तुझसे एक औरत नहीं संभाली जा रही। मैंने उसके भी वीडियो पोस्ट किए हैं। प्लीज वह देखें कि मेरे साथ किस तरह की मारपीट की जा रही है। ये सब चीजें सुरेंद्र सिंह बघेल की नॉलेज में होती हैं।
वो चाहते हैं मेरे हसबैंड को पागलखाने भेज दिया जाए
काम्या ने कहा- मेरे हसबैंड कहां पर हैं और ये सब चीजें क्यों की जा रही हैं? ये सब चीजें इसलिए की जा रही हैं कि मेरे हसबैंड को पागल साबित करके उन्हें पागलखाने भेज दिया जाए और सारी संपत्ति मेरे जेठ रख लें। अगर वह कह रहे हैं कि मेरे खर्चे बढ़ गए हैं तो प्लीज उसका सबूत दें।
पत्नी के खर्च बढ़े इसलिए भाई डिप्रेशन में चला गया
कुक्षी विधायक ने कहा- नए-नए शौक, नए-नए खर्च जब खर्च बढ़े तो डिप्रेशन में चला गया हमारा भाई। कितनी बार हम उसे अस्पताल ले गए। उसका इलाज कराया। हद तो तब हो गई, जब उसके पिता (काम्या के) ने हमारे छोटे भाई के हाथ-पैर बांधकर उसके साथ मारपीट की। उसकी रिपोर्ट भी थाने में जाकर की। फिर परिवार से माफी मांगकर चीजों को ठीक किया। भाई अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी दो बच्चियां हैं। दोनों बच्चियों को अच्छे स्कूल में पढ़ा रहा है। पूरी व्यवस्था कर रहा है।
आज ऐसी स्थिति में उनके साथ कोई घटना हो जाए, कुछ हो जाए तो उसने फैसला लिया है कि मानसिक और शारीरिक रूप से जब स्वस्थ हो जाऊंगा तब मिलूंगा। उसने वीडियो भी बनाया है। लिखित रूप से दिया है कि मुझ पर किसी का दबाव नहीं है। मैं अपनी मर्जी से गया हूं। मेरे परिवार में मेरे मां-भाई ने आज तक साथ दिया है।
जितने भी इनके परिवार वाले हैं, उनसे पूछिए कि किस तरह ऐशो-आराम की जिंदगी मेरा भाई इन्हें दे रहा है, पर अब उसका जीवन बचाना बहुत जरूरी है। मां का स्पष्ट कहना है कि बेटा जब मानसिक रूप से ठीक होगा तो सभी से मिलेगा।
विधायक बोले- 12 साल से मैं परिवार से अलग
बहू काम्या सिंह के आरोपों पर कुक्षी विधायक सुरेंद्र हनी सिंह बघेल ने सफाई दी। उन्होंने कहा- 12 साल से मैं अपने परिवार से अलग रह रहा हूं इंदौर में। वे शादी के बाद लगभग 7 साल से भोपाल में रह रही हैं। उनके पति देवेंद्र सिंह बघेल अपने परिवार का पूरे तरीके से पालन-पोषण कर रहे हैं। किसी तरह की कमी आज भी नहीं है। पहले भी कभी आने नहीं दी। यह कहना कि हमारे पति की संपत्ति पर आप हक जता रहे हैं, उसे हड़पना चाहते हैं, तो पिताजी जब जीवित थे, उन्होंने देवेंद्र जी को जो देना था उनको दिया, मुझे जो देना था मुझे दिया।
हम भाइयों के बीच किसी तरह का विरोधाभास नहीं
सुरेंद्र सिंह ने कहा कि वो अपनी संपत्ति देख रहे हैं। मैं अपनी संपत्ति देख रहा हूं। किसी तरह से हम भाइयों में कोई विरोधाभास नहीं है। संपत्ति को लेकर कोई विरोध नहीं है। देवेंद्र सिंह से शादी के बाद काम्या ने देखा कि बहुत बड़ा परिवार है तो अपने खर्चे बढ़ा लिए। एक मकान हमारी मां ने जो अपने बेटे को दिलाने के लिए पैसा भोपाल भेजा, अकाउंट के माध्यम से। वह मकान काम्या ने अपने नाम करा लिया।