योगगुरु ने मुख्यमंत्री से की सौजन्य भेंट, भगवान महाकाल के दर्शन भी किये
उज्जैन, अग्निपथ। योग गुरु स्वामी रामदेव बुधवार को अक्षय तृतीया के पर्व पर भगवान श्री महाकालेश्वर की भस्मारती में शामिल हुए। उन्होंने भगवान श्री महाकालेश्वर के दर्शन कर पूजन अर्चन किया। इसके पश्चात उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. यादव से सौजन्य भेंट की।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से बाबा रामदेव जी ने सौजन्य भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने योग गुरु बाबा रामदेव जी का शाल, श्री फल एवं भगवान श्री महाकाल की तस्वीर भेंट कर आत्मीय स्वागत किया.स्वामी रामदेव ने इस अवसर पर कहा कि विरासत मूलक विकास और संस्कृति के नए प्रतिमान मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव प्रतिदिन गढ़ रहे हैं। मध्य प्रदेश धर्म भूमि भी है। मध्य प्रदेश में कृषि से लेकर उद्योग तक हर क्षेत्र में विकास के नये आयाम स्थापित हो रहे हैं,और अब तो मध्यप्रदेश धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्तर पर भी उन्नति कर रहा है। आगामी सिंहस्थ महापर्व को लेकर भी यहां पर समस्त तरह की तैयारीयां हो रही हैं।
स्वामी रामदेव ने मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके विशेष प्रयासों और पुरुषार्थ से उज्जैन में आगामी महाकुंभ पर्व का आयोजन किया जा रहा है। भगवान महाकालेश्वर देवाधिदेव महादेव है और उनके अनुग्रह को प्राप्त कर संपूर्ण विश्व में उज्जैन नगरी सांस्कृतिक राजधानी के रूप में विकसित हो रही है। यहां आयोजित होने वाला कुंभ एक दिव्य स्वरूप में आयोजित हो ताकि सनातन धर्म का गौरव एक नए रूप में पूरे विश्व के समक्ष देखने को मिले। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव वीरता और विनय की प्रतिमूर्ति बनकर करोड़ों लोगों की सेवा का कार्य कर रहे हैं।
बाबा रामदेवजी ने किया पूजन
योग गुरू बाबा रामदेवजी बडऩगर रोड़ स्थित मोहनपुरा में अर्जी वाले हनुमान मंदिर पहुंचे। महामंडलेश्वर प्रेमानंदपूरी महाराज के सानिध्य में अर्जी वाले हनुमान मंदिर पर चल रहे सुंदरकांड के दौरान ही बाबा रामदेव पहुंचे और हनुमानजी महाराज की विशेष पूजन की
भस्मारती के बाद मीडिया से बोले-पाकिस्तान को जबाव जरूर देना चाहिए
योग गुरु स्वामी रामदेव बुधवार को महाकाल मंदिर पहुंचे, उन्होंने तडक़े होने वाली भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। रामदेव ने आरती ने बाद पहलगाम में हुए हमले को लेकर कहा कि धर्म पूछकर गोली मारने वाले पाकिस्तान को जवाब जरूर देना चाहिए। महाकाल भी काल बनकर खड़े होंगे और सत्य की विजय होगी।
पूजन के बाद रामदेव का महाकाल मंदिर समिति के प्रोटोकॉल अधिकारी अभिषेक शर्मा ने सम्मान किया। स्वामी रामदेव सुबह चार बजे महाकाल मंदिर पहुंचे थे। मंदिर के नंदी हॉल में करीब दो घंटे तक बैठकर रामदेव ने भगवान महाकाल की आराधना की।
आरती के बाद रामदेव ने देहरी से पूजन किए, नंदी जी का पूजन अभिषेक कर भगवान का आशीर्वाद लिया। पूजन के पश्चात रामदेव ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अक्षय तृतीया पर महाकाल के दर्शन कर अभिभूत हूं।
भगवान महाकाल से प्रार्थना की है कि भारत माता भूमि सुरक्षित रहे, पीएम मोदी राष्ट्र धर्म निभा रहे हैं। पहलगाम हमले को लेकर कांग्रेस पार्टी के नेताओं के बयान को लेकर रामदेव ने कहा, राष्ट्र अस्मिता पर राजनीति नहीं करना चाहिए।