अखाड़ों में स्थाई निर्माण शुरू करने की मांग उठाई संतों ने, अफसरों की टीम के साथ मेला अधिकारी पहुंचे संतों के बीच
उज्जैन, अग्निपथ। अखाड़ा परिषद उज्जैन ने गुरुवार को संत सम्मेलन में अफसरों को बुलाकर अपनी मांगे रखी जिसमें अखाड़ों में स्थाई निर्माण कार्य सरकार से जल्दी शुरू करवाने की मांग भी उठाई। ताकि सिंहस्थ में आने वाले संतों को सुविधा हो सके।
कार्यक्रम में मौजूद मेला अधिकारी आशीष सिंह (इंदौर कलेक्टर) ने कहाकि साधु-संतों के आशीर्वाद और मार्गदर्शन से ही सिंहस्थ 2028 भव्य और दिव्य कुंभ साबित होगा। ऐसा मेरा पूर्ण विश्वास है, कि मेले के सभी निर्माण कार्य समय सीमा में पूरे होंगे। यह पूरे प्रशासन की जिम्मेदारी है। संतों ने यह कार्यक्रम गऊ घाट पाल मार्ग स्थित महंत डॉ. रामेश्वरदास महाराज के जगदीश मंदिर आश्रम में आयोजित किया था।
कार्यक्रम के प्रारंभ में उठाई संतों ने मांगे
प्रारंभ में अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत डॉ. रामेश्वर दास महाराज ने संतों की ओर से मांगे रखी कि सिंहस्थ के जो कार्य चल रहे हैं वह समय सीमा में पूर्ण हो, शिप्रा नदी में मिल रहे गंदे नालों को रोकने पर प्रभावी काम हो, सिंहस्थ 2004, 2016 की तर्ज पर सिहस्थ 2028 में शासन मद से अखाड़ों और आश्रमों में स्थाई निर्माण कार्य अभी से शुरू हो। इस पर मेला अधिकारी और कलेक्टर ने आश्वस्त किया कि जल्द ही शासन स्तर से मार्गदर्शन लेकर कार्य शुरू करवाए जाएंगे।
अधिकारियों का संतों ने सम्मान किया
कार्यक्रम में मेला अधिकारी आशीष सिंह एवं कलेक्टर रोशन कुमार सिंह सहित पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा, एडीएम प्रथम कौशिक, निगम कमिश्नर आशीष पाठक, उज्जैन विकास प्राधिकरण सीईओ संदीप सोनी का सभी ने सम्मान कर, आशीर्वाद दिया। अखाड़ा परिषद अध्यक्ष उज्जैन के अध्यक्ष महंत डॉ रामेश्वर दास महाराज और महामंत्री श्रीमहंत रामेश्वर गिरी महाराज ने नवागत अधिकारियों का शाल श्रीफल से सम्मान कर सिंहस्थ कुंभ मेला 2028 के लिए आशीर्वाद दिया।
ये संतगण थे मौजूद
महानिर्वाणी अखाड़ा के श्याम गिरी महाराज राधे राधे बाबा, आवाहन अखाड़े के सेवानंद गिरी महाराज, दिगम्बर अखाड़े के महंत रामचंद्र दास महाराज, निर्वाणी अणि अखाड़े के महंत दिग्विजयदास महाराज, निरंजनी अखाड़े के महंत, सुरेशानंदपुरी महाराज, जूना अखाड़े के महंत परमानंद गिरि महाराज, बलराम दास महाराज, दिग्विजय दास महाराज बड़ा राम मंदिर, महेश दास महाराज आदि संतजन मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राहुल कटारिया ने किया। आभार परिषद के महामंत्री श्रीमहंत रामेश्वर गिरी महाराज ने माना।
भाषणबाजी के बीच एसपी हुए रवाना
उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा सबसे पहले साधु संतों के बीच पहुंच गये थे। इसके बाद कलेक्टर रोशनसिंह और अंत में मेला अधिकारी आशीषसिंह पहुंचे। स्वागत सम्मान के बाद एसपी तुरंत वहां से किसी आवश्यक कार्य के लिये रवाना हो गये।
भाषण के बीच निगम आयुक्त निकालते रहे नींद
अधिकारियों ने सिंहस्थ तैयारियों के बारे में विस्तार से साधु संतों को संबोधित किया। इस दौरान देर से बैठक में पहुंचे निगम आयुक्त आशीष पाठक कुर्सी पर बैठे-बैठे ही झपकियां लेने लगे। सभी अधिकारियों का सम्मान चल रहा था कि इतनी ही देर में निगम आयुक्त पाठक पहुंच गये। उनके लिये कुर्सी की व्यवस्था की गई। निगम आयुक्त का साधु संतों ने हारफूल से स्वागत किया।
पाठक कुर्सी पर बैठे तो मेला अधिकारी आशीषसिंह विस्तार से साधु संतों को सिंहस्थ में होने वाले विकास कार्यों की जानकारी दे रहे थे। इतने में निगम आयुक्त को झपकी आ गई। बीच बीच में उनकी आंखें खुलती और इसके बाद फिर से वह झपकी लेते रहे।