महिदपुर में गणेश जुलूस के दौरान पथराव के 3 आरोपी गिरफ्तार

महिदपुर, अग्निपथ। महिदपुर में 5 सितंबर को गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान पथराव करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उपद्रवियों को खदेड़ दिया था, जिससे स्थिति नियंत्रण में आ गई। यह घटना मोती मस्जिद के पीछे तकिया जाने वाले रास्ते पर हुई थी, जहां कुछ उपद्रवियों ने अचानक पुलिस बल पर हमला कर दिया था।

आरोपियों के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा का मामला दर्ज

पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, गणेश जुलूस दोपहर करीब सवा तीन बजे यशवंत मार्ग से गुजर रहा था, तभी यह अप्रत्याशित घटना घटी। इस हमले के कारण कुछ समय के लिए क्षेत्र में भगदड़ और तनाव का माहौल बन गया था। पुलिस ने इस मामले में बाबु उर्फ यासीन, आवेश और सोहेल समेत अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 132, 125, 191(2) और 190 के तहत शासकीय कार्य में बाधा और पुलिस पर पथराव का प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

यह था मामला

इस वर्ष की गणेश विसर्जन यात्रा में धार्मिक और सांस्कृतिक झांकियों के साथ एक समसामयिक झांकी, जिसका विषय ‘लव जिहाद’ था, शामिल की गई थी। इस झांकी को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने पहले ही प्रशासन से आपत्ति जताई थी। उन्होंने तहसील कार्यालय पहुँचकर साफ शब्दों में कहा था कि यह झांकी यात्रा का हिस्सा नहीं बननी चाहिए।

हालाँकि, आयोजकों ने यात्रा के प्रत्येक हिस्से के लिए प्रशासन से पहले ही विधिवत अनुमति ले ली थी, जिसके कारण प्रशासन ने उनकी आपत्ति को खारिज कर दिया। इस निर्णय के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ विरोधी तत्वों ने बाज़ार में दुकानों को जबरन बंद कराने की कोशिश शुरू कर दी।

उपद्रव के बाद भगदड़ और मूसलाधार बारिश

जब गणेश यात्रा मोती मस्जिद के पीछे यशवंत मार्ग से गुज़र रही थी, तभी अचानक उस पर पथराव शुरू हो गया। आसमान से गिरते पत्थरों को देखकर लोग दहशत में आ गए। महिलाएं और बच्चे चीखते-चिल्लाते हुए भागने लगे, जिससे कुछ ही सेकंड में स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

इसी बीच, मूसलाधार बारिश भी शुरू हो गई। पथराव और अचानक हुई बारिश के कारण भीड़ तितर-बितर हो गई। भीगे कपड़ों और काँपते चेहरों के साथ लोगों की आँखों में डर और आस्था दोनों साफ झलक रहे थे।

Next Post

एक दिन में आवारा कुत्तों ने 8 लोगों को बनाया निशाना, बच्चे बुजुर्ग भी शामिल

Mon Sep 8 , 2025
शाजापुर, अग्निपथ। शाजापुर शहर में आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक से नागरिकों का जीना मुश्किल हो गया है। सोमवार को कुत्तों ने 8 लोगों को बनाया निशाना। कुत्तों के काटने से घायल 8 लोग को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इन घायलों में बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी […]
कुत्तों ने 8 लोगों को बनाया निशाना

Breaking News