उज्जैन में नकली नोट गिरोह का पर्दाफाश, सरगना सहित 5 गिरफ्तार

उज्जैन, अग्निपथ। उज्जैन पुलिस ने बाजार में नकली नोट चलाकर देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुँचाने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के सरगना को पहले भी नकली नोट के मामले में एसटीएफ ने पकड़ा था और उसे 10 साल की सजा हुई थी। जेल में सजा काटते हुए उसने दो अन्य नशे के तस्करों और दो साथियों के साथ मिलकर एक नया गिरोह बनाया। जमानत पर बाहर आने के बाद इन सभी ने फिर से नकली नोट चलाने का धंधा शुरू कर दिया।

नकली नोट बनाने की सामग्री और 5 लाख 20 हजार के नकली नोट जब्त

एसपी प्रदीप शर्मा ने प्रेस को बताया कि पुलिस ने नकली नोट चलाने वाले पाँच सदस्यों के गिरोह को गिरफ्तार किया है, जिनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी हैं। आरोपियों के पास से 5 लाख 20 हजार रुपए के नकली नोट और नकली नोट बनाने का सामान जैसे सीपीयू, कलर प्रिंटर, कटर, बटर पेपर, स्केल और केमिकल जब्त किए गए हैं। गिरोह का मास्टरमाइंड सुनील पाटिल है, जो पहले भी नकली नोट के मामले में भैरवगढ़ जेल में सजा काट चुका है और जमानत पर बाहर आने के बाद उसने जेल के साथियों के साथ मिलकर यह धंधा फिर से शुरू किया।

जेल में बनाया गिरोह

सुनील पाटिल को 2020 में एसटीएफ ने नकली नोट छापने और चलाने के मामले में पकड़ा था, जिसके लिए उसे 10 साल की सजा हुई थी। जेल में उसकी मुलाकात कमलेश और प्रह्लाद से हुई, जिन्हें क्रमश: 2019 और 2018 में नशे की तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इन सभी ने जेल से बाहर आने के बाद मिलकर नकली नोट का कारोबार करने की योजना बनाई।

कैसे हुआ गिरोह का पर्दाफाश?

माधव नगर पुलिस को एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानदार होरीलाल प्रजापति ने शिकायत दी कि एक युवक ने वॉशिंग मशीन और मोबाइल खरीदने के लिए उसे नकली नोट दिए हैं। जांच में नोटों के नकली होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने आरोपी दुर्गेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसने पूरे गिरोह का खुलासा कर दिया। दुर्गेश ने बताया कि उसने और उसके साथी शुभम ने कमलेश और प्रह्लाद से 90 हजार रुपए में 3 लाख रुपए के नकली नोट खरीदे थे। दुर्गेश की निशानदेही पर पुलिस ने शुभम, शेखर, कमलेश और प्रह्लाद को गिरफ्तार किया।

कमलेश और प्रह्लाद ने पुलिस को बताया कि सुनील पाटिल ने कैसे जेल में रहते हुए इस गिरोह का गठन किया था। पुलिस ने बताया कि सुनील पाटिल, कमलेश और प्रह्लाद के खिलाफ कई संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं। गिरोह ने मध्यप्रदेश के खंडवा, इंदौर, उज्जैन और देवास सहित गुजरात के वडोदरा में भी नकली नोट चलाए थे।

Next Post

पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क का भूमिपूजन, प्रधानमंत्री मोदी 17 सितंबर को आएंगे बदनावर।

Thu Sep 11 , 2025
धार, अग्निपथ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 सितंबर को बदनावर के भैंसोला में देश के पहले पीएम मित्रा टेक्सटाइल पार्क का भूमिपूजन करने आ रहे हैं। इस दौरान वे एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया […]

Breaking News