निगम आयुक्त ने अधिकारियों के साथ चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया
उज्जैन, अग्निपथ। देवास रोड स्थित नगर निगम के तरण ताल के शेष कार्यों को 15 दिन की समय अवधि में पूर्ण करें, कार्य में गति लाएं संबंधित ठेकेदार से संसाधन एवं मैनपॉवर बढ़ाते हुए तेज गति से कार्य लिया जाए उक्त निर्देश निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा द्वारा तरण ताल के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से कही गई।
नगर निगम द्वारा लगभग 6 करोड़ रुपए की लागत से देवास रोड स्थित तरणताल पर स्विमिंग पूल का निर्माण किया जा रहा है। वर्तमान में स्विमिंग पूल पर 90 % कार्य पूर्ण कर लिया गया है। शेष 10 प्रतिशत कार्य में अंतिम चरण के फिनिशिंग वर्क है जिसमें रंगाई पुताई, शावर रूम, चेंजिंग रूम के कार्य हैं, साथ ही स्विमिंग पूल में फिल्टर मीडिया का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है एवं जो फिल्टर प्लांट लगाए गए हैं उसकी भी टेस्टिंग पूर्ण हो चुकी है। निगम आयुक्त के निर्देश के अनुसार 15 दिवस में शेष कार्यों को पूर्ण करते हुए शीघ्र ही इसका शुभारंभ करवाया जाएगा। निरीक्षण के दौरान सहायक यंत्री मनोज राजवानी उपस्थित रहें।
सिंहस्थ 2028: संभागायुक्त ने नगर निगम के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया
संभागायुक्त आशीष सिंह ने सिंहस्थ 2028 के लिए नगर निगम द्वारा किए जा रहे निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण की शुरुआत संभागायुक्त आशीष सिंह ने विक्रम नगर रेलवे स्टेशन को देवास रोड से जोडऩे वाले कोठी रोड मार्ग से की।
कोठी मार्ग निर्माण के निरीक्षण के दौरान संभागायुक्त सिंह ने निर्देश दिए कि सारे जंक्शन के लिए एक स्पेशलिस्ट अधिकारी नियुक्त किया जाए और सभी जंक्शन की नंबरिंग कर सभी जंक्शन के लिए ट्रैफिक प्लान बनाए। कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए क्वालिटी मैकेनिज्म डिजाइन कर विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की रियल टाइम स्ट्रेंथ टेस्टिंग हो सके। क्यूब टेस्टिंग और अन्य टेस्टिंग समय पर हो।
प्रकाश के लिए सभी मार्गों पर सेंट्रल लाइटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करे। कोठी रोड मार्ग पर विश्वविद्यालय के छात्रों की सुविधा के लिए सर्विस लेन बनाए जिससे दुर्घटनाओं की संभावना ना हो।
संभागायुक्त सिंह ने महावीर बाग कॉलोनी निर्माण कार्य का निरीक्षण कर स्टॉर्म वाटर लाइन निर्माण , सभी कार्यों के लिए आवश्यक स्वीकृति के कार्य जल्द पूर्ण करने, मार्ग निर्माण के साथ मोबिलिटी प्लान में नवनिर्मित मार्गों के उपयोग की भी प्लानिंग करने के निर्देश दिए। क्रिटिकल जंक्शन पर इंटरवेंशन करा जाए। जंक्शन का विकास नगर निगम और लोक निर्माण विभाग के साथ समन्वय कर करने के भी निर्देश दिए। संभागायुक्त सिंह ने पंचमुखी मार्ग निर्माण कार्य की लेटेस्ट लेब रिपोर्ट का भी निरीक्षण किया।
संभागायुक्त सिंह ने निरीक्षण के दौरान निर्माणाधीन कार्यों के साथ लैंडस्केपिंग के कार्यों पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए जिससे सिविल कार्यों के साथ शहर की सुंदरता भी बढ़े। संभागायुक्त सिंह ने सभी संबंधित अधिकारियों को चेतावनी दी कि सिंहस्थ के कार्यों की क्वालिटी में 1 प्रतिशत की भी कमी ना हो इसका विशेष ध्यान रखे। गुणवत्ता जांच अधिकारी जिला पंचायत सीईओ श्रेयांस कूमट को कोर कटिंग और अन्य गुणवत्ता जांच सभी कार्यों की नियमित रूप से करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह,नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा, नगर निगम के सभी यंत्री और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
