रविवार को बाहर के श्रद्धालु आए तो लेकिन नहीं हो पाए महाकाल दर्शन

मंदिर समिति की ओर से कोई जवाबदार जवाब देने के लिए नहीं था मौजूद

उज्जैन। राज्य शासन द्वारा बढ़ते कोरोना संक्रमण के मामलों को देखते हुए उज्जैन शहर में भी लॉकडाउन के चलते महाकालेश्वर मंदिर को भी रविवार को बंद कर दिया गया। लेकिन बाहरी श्रद्धालुओं को इसकी सूचना नहीं मिलने के चलते बड़ी संख्या में वे महाकालेश्वर मंदिर तो पहुंचे लेकिन कई बिना भगवान के केवल शिखर दर्शन कर वापस अपने घर चले गए।

श्री महाकालेश्वर मंदिर की ऑनलाइन बुकिंग को तो पहले से ही ब्लॉक कर दिया गया था, लेकिन उज्जैन को लॉकडाउन घोषित करने से पूर्व कई श्रद्धालु रविवार की ऑनलाइन बुकिंग करवा चुके थे। जिसके चलते रविवार की सुबह बड़ी संख्या में श्रद्धालु भगवान महाकाल के दर्शन को तो पहुंचे। लेकिन उनको दर्शन नहीं हो पाए। निराश हताश श्रद्धालुओं ने भगवान महाकाल के शिखर दर्शन कर अपनी जिज्ञासा शांत की। इनमें से कई श्रद्धालु तो सोमवार सुबह का इंतजार करने के लिए होटल में ठहर गए। कई श्रद्धालुओं की रविवार शाम की ट्रेन से बुकिंग होने के कारण वे निराश और हताश होते हुए अपने गंतव्य की ओर वापस चले गए।

असमंजस: सोमवार सुबह खुलेगा या नहीं

बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के मन में जिज्ञासा थी कि रविवार को लॉकडाउन घोषित कर दिया गया है। कहीं ऐसा ना हो कि सोमवार को भी लॉकडाउन की घोषणा हो जाए और उनका उज्जैन शहर में ठहरना बेकार चला जाए। श्रद्धालुओं की जिज्ञासा को शांत करने के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को श्रद्धालुओं को जानकारी देने के लिए तैनात नहीं किया था। श्रद्धालुओं का भी यही कहना था कि मंदिर समिति की ओर से ऐसा कोई व्यक्ति मंदिर में बैठाया नहीं गया है जिससे जानकारी ली जा सके।

श्रद्धालुओं को पीड़ा

पूरे मन से आस्था के साथ भगवान महाकाल के दर्शन को आए थे। उज्जैन शहर में आकर देखा तो यहां पर रविवार को लॉकडाउन लगा हुआ था। शिखर दर्शन किए हैं । सोमवार सुबह भगवान महाकाल के दर्शन करेंगे। – धर्मेंद्र परमार, नई दिल्ली

घाटकोपर से आए हैं। आज दर्शन के लिए मेंदिर आए लेकिन हमें अंदर नहीं जाने दिया। आज शिखर दर्शन कर मन को शांत किया है। कल तक दर्शन के लिए रुकेंगे। उम्मीद है सोमवार को बाबा के दर्शन हमें मिल जाएंगे। – पायल, मुंबई

बड़ी दूर से भगवान महाकाल के दर्शन की उम्मीद लेकर यहां आए थे। यहां आने पर पता लगा कि रविवार को लॉकडाउन के कारण दर्शन नहीं हो पाएंगे। अब तो सोमवार की सुबह दर्शन करेंगे। – रवि प्रकाश, नागपुर

ऑनलाइन बुकिंग की थी। मंदिर का मैसेज नहीं आया था। मंदिर प्रशासन द्वारा भी कोई सूचना नहीं दी गई थी। किसी भी प्रकार का जिला प्रशासन द्वारा सहयोग नहीं किया गया। शाम को ट्रेन है। बगैर दर्शन किए ही जाना पड़ेगा। मंदिर में दर्शन बंद रहेंगे किसी ने बताया भी नहीं है। -पवन मिश्रा, उत्तर प्रदेश

दर्शन के लिए आए थे। शाम को वापसी की ट्रेन है। धूलेंडी के दिन सोमवार सुबह दर्शन होंगे कि नहीं यह भी स्पष्ट नहीं है। कोई जानकारी देने वाला मंदिर में उपलब्ध ही नहीं है। -कमल, नई दिल्ली

Next Post

जिंदादिली, फांकामस्ती और जीवन में आनंद के प्रतीक हैं हमारे भगोरिया मेले

Sun Mar 28 , 2021
दुनिया में जहाँ तक धरती पर लोग बसते हैं उनमें उत्सव धर्मी लोगों में ईसाई समुदाय के बाद शायद देश के ह्रदय प्रदेश मेरे मध्यप्रदेश के मालवा क्षेत्र (धार, झाबुआ, अलीराजपुर, खरगोन, बड़वानी) के आदिवासी जनजाति का ही नंबर आता होगा। इन आदिवासी क्षेत्रों में देश के सबसे पवित्र त्यौहार […]
bhgoriya