खोदी गई सडक़ बनी जान की दुश्मन: बाइक का संतुलन बिगडऩे से गिरी मां-बेटी पर चढ़ा डंपर

मंदिर से दर्शन कर लौट रहे थे, पति को लगी मामूली चोंट

उज्जैन। पाइप लाइन डालने के लिये खोदी गई सडक़ गुरुवार दोपहर मां-बेटी के लिये जान की दुश्मन बन गई। पति के सामने पत्नी और मासूम बेटी के ऊपर से डंपर गुजर गया। दोनों की मौके पर मौत हो गई। जिसने भी दर्दनाक घटनाक्रम देखा उसकी आंखे भर आई।

पंवासा थाना पुलिस ने बताया कि मक्सीरोड स्थित बाढक़ु मेद-शंकरपुर के बीच दोपहर 12:30 बजे के लगभग मां-बेटी के ऊपर से डंपर का पहिया गुजरने से हुई दर्दनाक मौत की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। इस दौरान सामने आया कि मालीपुरा आर्य समाज मार्ग पर रहने वाला आशीष माली, उसकी पत्नी सोनाली और 3 साल की बेटी परी दुर्घटना का शिकार हुए हैं।

आशीष फूल का कारोबार करता है। सुबह मंडी में काम निपटाने के बाद पत्नी और बेटी के साथ ग्राम करौंदिया स्थित मंदिर दर्शन करने गया था। जहां से लौटते वक्त पाइप लाइन डालने के लिये खोदी गई सडक़ की वजह से उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया था और पीछे बेटी को गोद में लेकर बैठी पत्नी गिर गई थी। दोनों उठ पाते, तभी तेज रफ्तार में आया डंपर दोनों के ऊपर से गुजर गया। आशीष दूसरी ओर गिरा था जिसके चलते उसे ज्यादा गंभीर चोंट नहीं लगी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई थी।

जिसने देखा और मां-बेटी की मौत के बारे में सूना उसकी आंखे भर आई। दुर्घटना की जानकारी लगने पर परिजन घटनास्थल पहुंच गये थे। पुलिस ने दोनों के शव पोस्टमार्टम के लिये जिला अस्पताल पहुंचाया और मौके से डंपर लेकर चालक की तलाश शुरु की दी। कुछ देर बाद ही ग्राम करौंदिया से डंपर को जप्त कर लिया गया। बताया जा रहा था कि डंपर नागझिरी से ग्राम करौंदिया की ओर जा रहा था। पुलिस ने चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

प्रति गुरुवार जाते थे मंदिर

बताया जा रहा है कि आशीष अपने परिवार के साथ प्रति गुरुवार को करौंदिया सरकार के मंदिर जाता था। मालीपुरा क्षेत्र के कई लोग मंदिर पर दर्शन के लिये जाते हैं। मंदिर एक खेत में बना हुआ है, जहां आस्था लेकर कई लोग गुरुवार के दिन पहुंचते हैं। दुर्घटना की जानकारी मालीपुरा पहुंचते ही माली समाज के लोगों में शोक की लहर छा गई थी।
पूरा शहर खुदा पड़ा है
पिछले 2-3 सालों से शहर का हर मार्ग खुदा पड़ा है। टाटा कंपनी सिवरेज लाइन डालने का काम कर रही है। जिससे गली मोहल्ले से लेकर प्रमुख मार्गों को खोद रखा है। वहीं पीएचई की पाइप लाइन डालने के लिये भी कई मार्गों पर खुदाई की गई है। आये दिन खोदी गई सडक़ें वाहन चालकों की जान की दुश्मन बन रही है। जिसकी वजह से कई घरों के चिराग बुझ चुके हैं। पुलिस मामला दर्ज कर जांच की बात कहती है, लेकिन अब तक खुदाई करने वाले किसी भी ठेकेदार पर कार्रवाई नहीं हो पाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मजदूरी के नाम पर नाबालिग के साथ 3 युवको ने किया शोषण

Thu Apr 1 , 2021
उज्जैन। मजदूरी के नाम पर नाबालिग के साथ तीन राज्यों में शोषण किया और गर्भवती होने पर उज्जैन भेज दिया। नाबालिग को हिंदू जागरण मंच ने सहारा दिया और उसकी मदद करते हुए एक आरोपी को गुरुवार सुबह पकडक़र पुलिस के सुपुर्द कर दिया। हिंदू जागरण मंच के महामंत्री अमित […]