ऐतिहासिक मांडू में नव वर्ष के स्वागत की तैयारी, उमड़ रही है पर्यटकों की भारी भीड़

धार, अग्निपथ। वर्ष 2025 की खट्टी-मीठी यादों को अलविदा कहने और नव वर्ष 2026 का स्वागत करने के लिए ऐतिहासिक पर्यटन नगरी मांडू पूरी तरह तैयार है। क्रिसमस के त्योहार से ही यहां पर्यटकों की चहल-पहल बढ़ चुकी है और अब नव वर्ष के जश्न के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। इन दिनों मांडू का मौसम बेहद खुशनुमा है। गुलाबी ठंड और सुबह-शाम छाने वाली धुंध सैलानियों को अपनी ओर आकर्षित कर रही है। मंगलवार 30 दिसंबर 2025 को यहां बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचे और प्राकृतिक सौंदर्य व इतिहास के संगम का आनंद लिया। अनुमान है कि आने वाले रविवार से अगले रविवार तक लाखों की संख्या में सैलानी मांडू पहुंचेंगे।

नव वर्ष को लेकर विशेष तैयारी

पर्यटन नगरी मांडू में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी नव वर्ष को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। यहां के प्रमुख होटलों और रिसॉर्ट्स में जश्न के विशेष प्रबंध किए गए हैं। जानकारी के अनुसार कई होटलों में ‘आर्केस्ट्रा नाइट’ का आयोजन हो रहा है, जिसमें नामी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। इसके अलावा कैंप फायर, आदिवासी भगोरिया नृत्य और भव्य आतिशबाजी के इंतजाम भी किए गए हैं। मौसम में ठंडक बढ़ने के साथ ही विदेशी सैलानियों की संख्या में भी इजाफा होने की उम्मीद है। मंगलवार को रानी रूपमती महल, बाज बहादुर महल, नीलकंठ महादेव मंदिर, जहाज महल और हिंडोला महल जैसे प्रमुख स्थलों पर भारी भीड़ देखी गई।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बड़ी चुनौती

सैलानियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन के लिए सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखना एक बड़ी चुनौती साबित हो रहा है। विशेष रूप से मांडू घाट क्षेत्र में लगने वाला यातायात जाम पर्यटकों के लिए सिरदर्द बना हुआ है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों की मांग है कि नव वर्ष के जश्न में कोई खलल न पड़े, इसके लिए प्रशासन को मैदानी स्तर पर कड़े प्रबंध करने की आवश्यकता है।

होटलों में छलकेगा जाम, नियमों की अनदेखी की आशंका

नए साल के जश्न के लिए मांडू के होटलों में विशेष तैयारियां की गई हैं। मनोरंजन और पार्टी के शौकीन पर्यटकों के लिए आबकारी विभाग से अस्थाई रूप से EL-5 की परमिशन ली गई है। जानकारी के अनुसार मांडू की दो और धार की एक होटल ने यह अनुमति प्राप्त की है। हालांकि, चर्चा है कि जश्न के नाम पर कुछ होटल संचालक नियमों को ताक पर रखकर तय सीमा से अधिक शराब परोसने और क्षमता से अधिक भीड़ जुटाने की तैयारी में हैं, जिस पर प्रशासन को पैनी नजर रखने की जरूरत है।

Next Post

नए साल से पहले 6 दिन में 12 लाख भक्तों ने किए महाकाल के दर्शन

Tue Dec 30 , 2025
नए साल में 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान उज्जैन, (मोरेश्वर राव उलारे) अग्निपथ। पुराने साल की विदाई और नए साल के स्वागत के बीच महकाल मंदिर में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पिछले सारे रिकॉर्ड फीके पड़े नजर आ रहे हैं। बाबा महाकाल के दरबार में मत्था […]

Breaking News