नए साल से पहले 6 दिन में 12 लाख भक्तों ने किए महाकाल के दर्शन

नए साल में 10 लाख भक्तों के आने का अनुमान

उज्जैन, (मोरेश्वर राव उलारे) अग्निपथ। पुराने साल की विदाई और नए साल के स्वागत के बीच महकाल मंदिर में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि पिछले सारे रिकॉर्ड फीके पड़े नजर आ रहे हैं। बाबा महाकाल के दरबार में मत्था टेकने वाले भक्तों की संख्या का नया कीर्तिमान स्थापित हो गया है।

विगत छह दिनों में दर्शनार्थियों का आंकड़ा 12 लाख पार कर गया है। 25 से 30 दिसम्बर तक महाकाल मंदिर में 12 लाख 9 हजार 15० श्रद्धालुओं ने बाबा महाकाल के दर्शन कर आशीर्वाद लिया है। मंदिर समिति के अनुसार प्रतिदिन लगभग दो लाख श्रद्धालु दर्शन करने अवंतिका नगरी पहुंच रहे हैं। इसमें सबसे विशेष दिन 25 दिसम्बर रहा जिसमें एक ही दिन में पौने तीन लाख भक्तों ने बाबा महाकाल के दरबार में मत्था टेका।

मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक और जनसंपर्क अधिकारी आशीष फलवाडिय़ा की टीम इस भारी भीड़ को सुचारू दर्शन कराने के लिए एलर्ट मोड पर है। मंदिर प्रशासन का अनुमान है कि 31 दिसंबर से यह भीड़ और बढ़ेगी। 1 जनवरी को एक ही दिन में 10 लाख भक्तों के दर्शन करने का अनुमान लगाया जा रहा है। इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।

भीड़ प्रबंधन के लिए प्रशासन ने त्रिवेणी द्वार से नई दर्शन व्यवस्था लागू की है। यहां से श्रद्धालु महाकाल लोक के सौंदर्य को निहारते हुए कतारबद्ध होकर ज्योतिर्लिंग दर्शन के लिए पहुंचेंगे। शीघ्र दर्शन के लिए अवंतिका गेट का उपयोग किया जा रहा है। महाकाल मंदिर के साथ साथ हरसिद्धि शक्तिपीठ,चिंतामन गणेश, कालभैरव, मंगलनाथ मंदिर, सांदीपनि आश्रम सहित शहर के अन्य मंदिरों में भी भक्तों की भीड़ उमड़ रही है।

दर्शनार्थियों के आंकड़े

दिसंबर माह के दौरान प्रतिदिन के आंकड़ों का विवरण नीचे दी गई तालिका में दिया गया है:

दिनांक संख्या
25 दिसम्बर 2 लाख 57 हजार 902
26 दिसम्बर 1 लाख 98 हजार 52
27 दिसम्बर 1 लाख 96 हजार 322
28 दिसम्बर 1 लाख 95 हजार 688
29 दिसम्बर 1 लाख 75 हजार 660
30 दिसम्बर 1 लाख 85 हजार 526

विगत छह दिनों में कुल दर्शनार्थी की कुल संख्या 12 लाख 9 हजार 150 रही ।

Next Post

नए साल पर 11 हजार डमरू व 5 लाख रुद्राक्ष से सजेगा महाकाल मंदिर

Tue Dec 30 , 2025
उज्जैन (नीलेश शर्मा) अग्निपथ। नए साल 2026 के स्वागत में ज्योतिर्लिंग महाकाल का मंदिर 11 हजार डमरू और 5 लाख रुद्राक्ष से सजेगा। इसके लिए बड़ोदा से 108 कलाकारों की टीम यहां पहुंच चुकी हैं। मंगलवार से टीम ने मंदिर में सजावट का काम भी शुरू कर दिया। मंदिर में […]
बाबा महाकाल का किया मनमोहक शृंगार

Breaking News