रात के पारे में भी गिरावट शुरु, गणतंत्र दिवस भारी ठंड के बीच मनेगा
उज्जैन, अग्निपथ। सुबह और शाम की ठंडक के बाद अब दिन में भी भारी ठंड का प्रहार होना शुरु हो गया है। तीन दिन में दिन के पारे में 7 डिग्री की गिरावट को बड़ी गिरावट मौसम विज्ञानी मान रहे हैं। ऐसा लग रहा है कि इस बार का गणतंत्र दिवस भारी ठंड के बीच में मनाया जायेगा।
24 जनवरी शनिवार को एक बार फिर दिन का पारा 4 डिग्री की गिरावट के साथ 21.5 डिग्री पर आ गया। इस तरह से तीन दिन में पारे में 7 डिग्री की बड़ी गिरावट रिकार्ड की गई है। 22 जनवरी को दिन का पारा 28.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया था। दूसरे दिन 23 जनवरी को पारे में 3 डिग्री से अधिक की गिरावट दर्ज हुई। पारा 25.5 डिग्री पर आ गया था। लेकिन दूसरे ही दिन फिर से इसमें गिरावट आई।
शासकीय जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक डॉ. राजेंद्र प्रकाश गुप्त ने बताया पश्चिम विक्षोभ सक्रिय है जिसे अरब सागर से नमी मिल रही है जिसके चलते बादलों की स्थितियां बनी हुई हैं। इसके अलावा उत्तर भारत से ठंडी हवा आ रही हैं जिसके चलते तापमान लुढक़ा है। 26 जनवरी से एक और सिस्टम सक्रिय हो रहा है जिसके चलते शहर में हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
अगले दो दिन बूंदाबांदी की संभावना
हालांकि, हिमाचल प्रदेश से उत्तराखंड तक हुई बर्फबारी के असर से मौसम में यह बदलाव आया है। पहाड़ी राज्यों के साथ-साथ उत्तर भारत के मैदानी राज्यों में हो रही बर्फबारी के चलते उज्जैन का मौसम एक बार फिर बदल गया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों तक बारिश होने की संभावना बनी हुई है। बादल छाए रहने से पहले रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस से बढक़र 15 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था, लेकिन अब दिन में चली बर्फीली हवाओं के कारण रात के तापमान में भी तेजी से गिरावट दर्ज की जाएगी।
