नलखेड़ा, अग्निपथ। विश्व प्रसिद्ध मां बगलामुखी माता मंदिर के दर्शन कर भोजन करने पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ एक होटल में मारपीट और चाकूबाजी की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। घटना आमला-नलखेड़ा रोड स्थित गुदरावन के मां बगलामुखी भक्त निवास होटल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुईगांव निवासी फरियादी धर्मेंद्र सिंह अपने साथी कमल शर्मा के साथ 25 जनवरी 2026 की रात करीब 10:30 बजे होटल पहुंचे थे। विवाद की शुरुआत महज दाल तड़का के ऑर्डर को लेकर हुई। बताया जा रहा है कि होटल स्टाफ ने बिना तड़के वाली दाल परोस दी थी, जिस पर श्रद्धालुओं ने आपत्ति जताई तो होटल कर्मी गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गए।
शुरुआती विवाद में होटल के कर्मचारियों ने धर्मेंद्र सिंह और बीच-बचाव करने आए कमल शर्मा के साथ थप्पड़-मुक्कों और कड़छी से हमला किया। घटना की जानकारी मिलने पर जब परिवार के सदस्य मनोहर सिंह और समरथ सिंह राजपूत मौके पर पहुंचे, तो मामला और बिगड़ गया। आरोप है कि आरोपी कुंदन सोनी और उसके 2-3 अन्य साथियों ने लाठी और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में मनोहर सिंह के सिर और सीने पर चोटें आईं, वहीं समरथ सिंह के पेट और पीठ में चाकू लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने पर तत्काल 112 पुलिस टीम को सूचना दी गई। पुलिस वाहन की मदद से घायलों को पहले शासकीय अस्पताल नलखेड़ा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल आगर रेफर कर दिया गया। श्रद्धालुओं पर हुए इस हमले से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।
नलखेड़ा पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी कुंदन सोनी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मंगलवार को सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। पुलिस फिलहाल घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
