धार, अग्निपथ। मोहनखेड़ा जैन तीर्थ पर आज भक्ति और सत्संग का एक अनूठा संगम देखने को मिलेगा। विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पहली बार इस पवित्र धरा पर अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा करेंगे। यह भव्य आयोजन मुंबई निवासी घमंडीराम और अंकीबाई गोवाणी की पुण्य स्मृति में आयोजित किया जा रहा है। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं और हजारों की संख्या में श्रद्धालु इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनेंगे।
2400 स्क्वेयर फीट का सुसज्जित मंच और विशाल पांडाल
श्री मोहनखेड़ा तीर्थ स्थित 108 धर्मशाला के समीप कथा और प्रवचन के लिए हजारों स्क्वायर फीट में एक विशाल पांडाल तैयार किया गया है। पंडित धीरेंद्र शास्त्री के लिए 2400 स्क्वेयर फीट का एक भव्य और सुसज्जित मंच बनाया गया है, जिस पर 2 फीट ऊंचा विशेष सिंहासन लगाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पांडाल में 8 विशाल एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं, ताकि दूर बैठे भक्त भी बागेश्वर सरकार के दर्शन लाभ ले सकें। बैठने की व्यवस्था के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाकर बैरिकेडिंग की गई है।
सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम, 50 कैमरों से निगरानी
आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पूरे कथा स्थल पर 50 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। रविवार को ही भारी पुलिस बल आयोजन स्थल पर पहुंच गया था। वरिष्ठ अधिकारियों ने देर रात तक सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एएसपी पारुल बेलापुरकर, एसडीएम सलोनी अग्रवाल और एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैद रहे।
1000 जवान और 30 टीआई संभालेंगे मोर्चा
सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए 1000 से अधिक पुलिस जवान और जिले के 30 थाना प्रभारी (टीआई) तैनात किए गए हैं। हेलीपैड से लेकर आयोजन स्थल, पार्किंग और भोजनशाला तक सुरक्षा का कड़ा घेरा रहेगा। सरकारी बल के साथ-साथ निजी सुरक्षा कंपनी के वालंटियर भी अपनी सेवाएं प्रदान करेंगे। सफाई व्यवस्था का जिम्मा नगर परिषद राजगढ़ संभाल रही है।
सुगम यातायात के लिए 4 भागों में बंटी पार्किंग
श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पार्किंग व्यवस्था को 4 अलग-अलग भागों में विभाजित किया गया है। झाबुआ, राणापुर, पेटलावद, इंदौर और बदनावर की ओर से आने वाले वाहनों के लिए पृथक पार्किंग स्थल सुनिश्चित किए गए हैं। एसपी मयंक अवस्थी और अपर कलेक्टर संजीव केशव पांडेय ने स्वयं पार्किंग और हेलीपैड व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए हैं।
