अस्थि विसर्जन के लिए ट्रेन से उज्जैन जा रहे परिवार को पीटा

छावनी बना स्टेशन; अतिरिक्त पुलिस बल भी बुलाया, परिजनों को पुलिस अभिरक्षा में उज्जैन रवाना किया

नागदा अग्निपथ। ट्रेन से अस्थि विसर्जन के लिए महिला-पुरुषों, बच्चों के साथ उज्जैन जा रही एक बालिका से मुस्लिम वर्ग के लोगों ने रविवार रात छेड़छाड़ की, परिजनों के विरोध करने पर वर्ग विशेष के लोगों ने उनसे जमकर मारपीट की। जैसे ही ट्रेन नागदा पहुंची तो स्टेशन पर अचानक बड़ी संख्या में वर्ग विशेष के लोग एकत्रित हो गए। इसकी सूचना हिंदू संगठनों को लगी तो वह भी बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंच गए। विवाद बढ़ता देख मौके पर नागदा पुलिस भी पहुंच गई ।

पुलिस ने पहले समझाइश दी बाद में लाठी चार्ज कर मुस्लिम वर्ग के लोगों को खदेड़ दिया और पुलिस जवान तैनात कर पेट्रोलिंग चालू करवा दी। इधर स्टेशन पर हिंदू संगठन के लोग आरोपियों पर कार्रवाई की बात पर जीआरपी पुलिस थाना में ही खड़े रहे। एफआईआर दर्ज करने के बाद पुलिस अभिरक्षा में पीडि़तों को अस्थि विसर्जन के लिए रात करीब 12 बजे उज्जैन के लिए रवाना किया। इधर शहर में माहौल खराब न हो, इसके लिए अतिरिक्त उज्जैन व आसपास के क्षेत्र से पुलिस बल बुलाया गया। इस मौके पर एएसपी, तहसीलदार, नागदा, खाचरौद, बिरलाग्राम, महिदपुररोड़ पुलिस मौजूद रही।

बालिका से छेड़छाड़ करने के बाद शुरू हुआ प्रत्यक्षदर्शी व सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार महिला, बच्चे समेत करीब आठ लोग अलग-अलग स्टेशन मेघनगर व दाहोद से मेमू ट्रेन में बैठे। यह सभी अस्थि विसर्जन के लिए उज्जैन जा रहे थे। इसी ट्रेन में रतलाम स्टेशन से वर्ग विशेष के कुछ युवक ट्रेन में चढ़े। अस्थि विसर्जन करने जा रहे परिवार के साथ एक बालिका थी, जिसके साथ कुछ युवकों ने छेड़छाड़ कर दी। परिजनों ने इसका विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ गाली-गलौज कर बेरहमी से मारपीट की।

खाचरौद स्टेशन पर भी 50-60 मुस्लिम वर्ग के लोग आ गए

युवकों ने अपने मित्र व परिचितों को इस घटना की सूचना दी तो खाचरौद स्टेशन पर करीब 50-60 वर्ग विशेष के लोग आ गए और परिजनों के साथ मारपीट की। इसके बाद ट्रेन खाचरौद से नागदा के लिए रवाना हो गई। इस दौरान कुछ युवक ट्रेन से उतर गए, कुछ ट्रेन में ही रहे और नागदा तक मारपीट करते रहे। इसके बाद युवकों ने नागदा में अपने मित्र व परिचितों को सूचना दी, जैसे ही ट्रेन नागदा स्टेशन पर आई तो यहां बड़ी संख्या में वर्ग विशेष के लोग एकत्रित हो गए। हिंदू संगठन के लोगों को इसकी सूचना मिली तो वे भी बड़ी संख्या में स्टेशन पहुंचे गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर जमा भीड़ को खदेड़ दिया ।

दहशत में आ गया पीडि़त परिवार पुलिस अभिरक्षा में किया रवाना

उक्त घटना के बाद नागदा पुलिस ने पहले पीडि़तों का मेडिकल करवाया फिर एफआईआर लिखी। बाद में सभी पीडि़त परिजनों को पुलिस अभिरक्षा में उज्जैन भेजा। पीडि़त परिवारजनों में इतनी दहशत थी कि वह पुलिस वाहन में भी बैठने से डर रहे थे। पुलिस ने जब पूरी सुरक्षा का भरोसा दिलाया, तब जाकर पीडि़त वाहन से उज्जैन के लिए निकले। इधर जीआरपी नागदा के अनुसार मेमू ट्रेन से अस्थि विसर्जन के लिए उज्जैन जा रहे परिवार जनों के साथ युवकों ने मारपीट कर दी।

उक्त मामले में कुछ युवकों को पकड़ा है। एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। इधर तहसीलदार मधु नायक ने बताया शहर में शांति है। मंडी टीआई अमृतलाल गवरी ने बताया पुलिस पेट्रोलिंग कर रही है।

Next Post

नकली सोना कांड का पर्दाफाश, चार बैंक अधिकारी दोषी

Mon Feb 2 , 2026
सत्र न्यायालय ने सुनाई 5-5 वर्ष की सजा, सुप्रीम कोर्ट ने दो बार जमानत ठुकराई देवास अग्निपथ। नकली सोना गिरवी रखकर बैंक और आम ग्राहकों के साथ 2 करोड़ 22 लाख रुपये की सुनियोजित धोखाधड़ी के मामले में सत्र न्यायालय, देवास ने बड़ा फैसला सुनाते हुए बैंक (एस.बी.एफ.सी. फाइनेंस एलटीडी.) […]

Breaking News